
धरती के भगवान का धन्यवाद करने के लिए 5 मिनट बंद रखेंगे बिजली
जोधपुर. कोरोना संक्रमितों के उपचार में सेवाएं देने वाले चिकित्सकों, नर्सिंग कर्मचारियों, पैरा-मेडिकल स्टाफ, सहायक व सफाई कर्मचारियों, तकनीकी कर्मचारियों, मेडिकल स्टोर संचालक एवं चिकित्सा से जुड़े सभी कर्मचारियों के प्रति सम्मान जताने के लिए जोधपुर शहर के जागरुक नागरिक व स्वयंसेवी संस्थाएं आगे आ रहे हैं।
कोरोना योद्धाओं को धन्यवाद ज्ञापित करने के लिए 10 अक्टूबर की रात 9 बजे शहर के सभी घरों व व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में 5 मिनट के लिए लाइटें बंद कर दीपक या मोमबती जलाकर सम्मान प्रकट करने का निर्णय किया है। इसके तहत हैंडीक्राफ्ट व्यवसायी, चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े लोग, स्वयं सेवी संगठनों के प्रतिनिधि, अधिवक्ता, चार्टर्ड एकाउंटेंट आगे आए हैं।
इस संबंध में शुक्रवार को व्यवसायी बसंत अग्रवाल, हैण्डीक्राफ्ट व्यवासायी राधेश्याम रंगा, राजू मेहता, भरत दिनेश, पदम वढेर, अतिरिक्त महाधिवक्ता अधिवक्ता फरजंद अली व संदीप शाह, पूर्व असिस्टेंट सॉलीसिटर जनरल ऑफ इण्डिया संजीत पुरोहित, बलजिंदर सिंह संधू, अधिवक्ता देवकीनन्दन व्यास, विवेक श्रीमाली ने लोगों को जानकारी दी और जुडऩे की अपील की।
वकीलों के दोनों संगठन राजस्थान हाईकोर्ट एडवोकेट्स एसोसिएशन व राजस्थान हाईकोर्ट लॉयर्स एसोसिएशन ने भी इस अभियान को समर्थन दिया है। अध्यक्ष रणजीत जोशी व अध्यक्ष सुनील जोशी ने संयुक्त संदेश जारी किया है।
Published on:
10 Oct 2020 03:04 pm
