
Video: जेएनवीयू में एबीवीपी का लगातार चौथे दिन प्रदर्शन, पुलिस के साथ धक्का-मुक्की
जोधपुर. जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय में बीए प्रथम वर्ष और बीए द्वितीय वर्ष के इतिहास विषय के प्रश्र पत्रों के व्हाट्सएप पर वायरल होने और उनके परीक्षा में आए प्रश्न पत्रों से हुबहू मिलान होने से आउट होने की आशंका को लेकर शनिवार को लगातार चौथे दिन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की ओर से विवि के केंद्रीय कार्यालय में उग्र प्रदर्शन किया गया। पुलिस ने छात्र छात्राओं को कुलपति के कक्ष में घुसने से रोका। इस दौरान दोनों के मध्य मामूली धक्का-मुक्की हुई। एबीवीपी का कहना है कि कुलपति ने इस मामले में सात दिन में जांच का आश्वासन दिया है।
विवि में 19 मई से स्नातक की परीक्षाएं शुरू हुई है। 25 और 26 मई को हुई बीए की परीक्षाओं का प्रश्न पत्र परीक्षा शुरू होने से करीब आधे घण्टे पहले व्हाट्सएप पर आ गया था, जिसको लेकर विद्यार्थियों में नाजरागी है।
एबीवीपी की ओर से शनिवार सुबह भी विवि के केंद्रीय कार्यालय में बड़ा प्रदर्शन किया गया। पुलिस ने कार्यकत्र्ताओं को कुलपति कक्ष में घुसने से रोका तो छात्र छात्राओं व पुलिस के मध्य नोक झोंक भी हुई। बाद में कुलपति ने स्वयं ही एक प्रतिनिधि मण्डल को बुलाकर उनकी बात सुनी और पेपर आउट के मामले में शीघ्र कार्यवाही का आश्वासन दिया। प्रदर्शन में उर्मित शर्मा, सचिन राजपुरोहित, सुनील शर्मा, मोतीसिंह, कैलाश प्रजापत, काजल सहित एबीवीपी के कई कार्यकत्र्ता मौजूद रहे।
कई कॉलेज के परीक्षा केंद्र उसी कॉलेज
सूत्रों के मुताबिक जोधपुर, जालोर, पाली, बाड़मेर और जैसलमेर के कस्बों में स्थित कई कॉलेजों के परीक्षा केंद्र उसकी कॉलेज में बना दिए गए। इससे पेपर आउट होने की आशंका बढ़ रही है। तत्कालीन कुलपति प्रो आरपी सिंह के समय ऐसे 9 कॉलेजों के सामूहिक नकल का मामला सामने आया था। इन कॉलेजों ने खुद ही सभी परीक्षार्थियों को नकल करवाई थी। परीक्षा में नकल की रोकथाम के लिए जेएनवीयू अपने शिक्षकों का उडऩ दस्तों का गठन करता है लेकिन दूरस्थ गांव व कस्बों में पहुंचने की सूचना पहले से कॉलेजों को मिल जाती है जिससे नकल पर रोकथाम मुश्किल हो जाता है।
Published on:
28 May 2022 08:37 pm
