
शराब के नशे में मजूदरों में हुआ झगड़ा, एक की मौत
जोधपुर. बोरानाडा औद्योगिक क्षेत्र की टिम्बर फैक्ट्री परिसर में शराब के नशे में झगड़े के दौरान घायल एक श्रमिक की मृत्यु हो गई। श्रमिक को बुधवार सुबह मृत पाकर आरोपी श्रमिक गायब हो गया। बोरानाडा थाना पुलिस ने प्रारम्भिक जांच के बाद शव मथुरादास माथुर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।
पुलिस के अनुसार मूलत: पश्चिम बंगाल में जलपाईगुड़ी हाल बोरानाडा निवासी अजय बंगाली व गणेश प्रसाद शर्मा टिंबर फैक्ट्री में साथ-साथ काम करते थे और फैक्ट्री परिसर में ही रहते थे। आदतन शराबी होने से दोनों ने मंगलवार रात शराब पी और फिर दोनों में झगड़ा हुआ। गणेश ने अजय को पीट दिया। जिससे वह मौके पर नीचे गिर गया। उसे खून की उल्टी भी हुई। नशे में गिरने की आशंका के चलते गणेश व साथी श्रमिक सो गए।
इस बीच, बुधवार सुबह गणेश व अन्य श्रमिक उठे और जमीन पर गिरे अजय को संभाला तो वह मृत मिला। इससे गणेश घबराकर मौके से भाग गया। अन्य श्रमिकों ने फैक्ट्री मालिक को सूचना दी। मालिक ने पुलिस बुलाई। सहायक पुलिस आयुक्त (बोरानाडा) मांगीलाल व थानाधिकारी किशनलाल बिश्नोई मौके पर पहुंचे और जांच की। फिर शव मोर्चरी भेज दिया गया। कोविड-१९ जांच के लिए सैम्पल लिए गए हैं। रिपोर्ट आने पर गुरुवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। मृतक की तरफ से देर शाम मामला दर्ज कर गणेश की तलाश के प्रयास शुरू किए गए हैं।
Published on:
24 Dec 2020 01:26 pm
