
RAILWAY---रेल रेस्टोरेंट ऑन व्हील अब जोधपुर में
जोधपुर।
आमतौर पर यात्रियों के ट्रेन में बैठते ही खाने की इच्छा हो जाती है। मगर इसके लिए ट्रेन का टिकट बुक कराओ, खाना बनाओ और कहीं जाने के लिए सामान की पैकिंग करो, इसमें बहुत झंझट होती है। मगर रेलवे ने अभिनव प्रयोगकरते हुए रेलवे स्टेशन पर खड़े रेल कोच में खानपान की व्यवस्था के लिए रेल कोच रेस्टोरेंट खोलने का निर्णय लेकर इन सब चिंताओं से मुक्ति दिला दी है।उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मण्डल ने अन्य स्त्रोतों से रेल राजस्व जुटाने का अनूठा प्रयोग करते हुए मण्डल के पांच प्रमुख स्टेशनों जोधपुर, भगत की कोठी, महामंदिर, बाडमेर व जैसलमेर में रेल रेस्टोरेंट ऑन व्हील्स शुरू करने का निर्णय लिया है। अगर सब कुछ ठीक रहा तो इस वर्ष दीपावली पर शहरवासियों को यह सुविधा उपलब्ध हो जाएगी। रेलवे ने बडे स्तर पर इसकी तैयारी शुरू कर दी है।
---
सर्कुलेटिंग एरिया में खुलेंगे रेस्टोरेंट
जोधपुर मण्डल के जोधपुर, भगत की कोठी, महामंदिर, बाडमेर व जैसलमेर रेलवे स्टेशनों पर सर्कुलेटिंग एरिया में पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) अवधारणा पर रेल कोच रेस्टोरेंट खोले जाएंगे। इसके तहत रेलवे निजी संचालकों को एक रेल कोच उपलब्ध कराएगी, जो अंदर से बिल्कुल खाली होंगे। संचालक अपनी क्षमता और सुविधानुसार कोच को रेस्टोरेंट में बदल देंगे। रेस्टोरेंट में खाने की वस्तुएं, खाना पैक करने व साथ ले जाने की भी सुविधा होगी।
----
प्लेटफॉर्म टिकट लेने की जरुरत नहीं
रेलवे स्टेशन के पार्र्किंग वाले क्षेत्र में रेल कोच रेस्टोरेंट होने की वजह से किसी ग्राहक को प्लेटफार्म टिकट लेने की जरुरत नहीं रहेगी। इसमें ट्रेन में यात्रा करने वाले यात्रियों के साथ आम लोगों को भी यह अनूठा आनंद लेने का मौका मिलेगा।
---
2007 में मध्यप्रदेश में रेल कोच रेस्टोरेंट अवधारणा की शुरुआत
रेलवे बोर्ड ने कुछ वर्ष पहले देश में खराब व अनुपयोगी पड़े रेल कोचों का नवीनीकरण करके रेल भोजनालय स्थापित करने का फैसला किया था। अनेक शहरों में यह व्यवस्था पहले से चल रही है। उल्लेखनीय है कि सबसे पहले मध्यप्रदेश पर्यटन विकास निगम ने 2007 में शान-ए-भोपाल एक्सप्रेस टे्रन के कोच में रेल कोच रेस्टोरेंट की अवधारणा शुरू की थी। अब मण्डल के पांच स्टेशनों पर यह रेंस्टारेंट खुलेंगे।
---
गैर किराया राजस्व को प्रोत्साहन देते हुए यह एक अनूठा प्रयास कर रहे है। रेल कोच रेस्टोरेंट से यात्रियों के साथ आम लोगों को अलग अनुभव होगा। जल्द टेंडर खोलेंगे, पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ की जाएगी।
गीतिका पाण्डेय
मण्डल रेल प्रबंधक जोधपुर
Published on:
13 Aug 2021 11:26 pm
