
सौर ऊर्जा से रेलवे बचा रहा 76 लाख यूनिट बिजली
जोधपुर।
रेलवे ऊर्जा संरक्षण के साथ पर्यावरण को सुदृढ़ बनाने के लिए भी सकारात्मक कदम उठा रहा है। उत्तर पश्चिम रेलवे सौर ऊर्जा से बिजली उत्पन्न कर प्रदूषण रहित पर्यावरण की मुहिम को बढ़ाने के साथ करोड़ों रुपए के राजस्व बचत भी कर रहा है। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर, जयपुर, अजमेर व बीकानेर मण्ड़ल मुख्यालयों के अलावा विभिन्न स्टेशनों व रेलवे के अन्य भवनों पर सोलर पैनल लगाकर बिजली पैदा की जा रही है। उत्तर पश्चिम रेलवे में अभी तक कुल 6906 किलो वॉट क्षमता के सोलर पैनल स्थापित किए गए है। इन सौलर पैनल के स्थापित होने से प्रतिवर्ष 76 लाख से अधिक युनिट की बिजली की बचत के साथ 3.81 करोड रुपए के राजस्व की भी बचत की जा रही है।
--
यहां इतनी बिजली पैदा की जा रही
हरित ऊर्जा की पहल के अन्तर्गत जोधपुर स्टेशन पर कुल 770 किलोवॉट के उच्च सोलर पैनल स्थापित कर बिजली प्राप्त की जा रही है। जोधपुर वर्कशॉप पर 440 किलोवॉट, मण्ड़ल रेल प्रबंधक कार्यालय जोधपुर पर 230 किलोवॉट, भगत की कोठी पर 250 किलोवॉट, क्षेत्रीय रेलवे प्रशिक्षण संस्थान-उदयपुर पर 180 किलोवॉट, भगत की कोठी स्टेशन पर 250 किलोवॉट, मारवाड़ जं. पर 120 किलोवॉट सहित अन्य स्टेशनों पर भी सोलर पैनल स्थापित कर बिजली उत्पादन किया जा रहा है। इनके अलावा जयपुर स्टेशन पर 500 किलोवॉट क्षमता के 2, अजमेर स्टेशन पर 500 किलोवॉट क्षमता का 1 उच्च सोलर पैनल स्थापित कर बिजली पैदा की जा रही है।
-----------
कार्य प्रगति पर
उत्तर पश्चिम रेलवे की उपहाप्रबंधक (सामान्य) व मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी लेफ्टिनेंट शशि किरण के अनुसार उत्तर पश्चिम रेलवे में 156 मेगावॉट क्षमता के सोलर सिस्टम लगाने के कार्य प्रगति पर है।
---
Updated on:
06 Jun 2021 05:42 pm
Published on:
06 Jun 2021 05:42 pm
