
हर गांव में नहरी पानी और सडक़ तंत्र सुधारने को मिले प्राथमिकता
भोपालगढ़. भोपालगढ़ विधानसभा क्षेत्र की जन एजेंडा बैठक सोमवार को कस्बे के मुख्य बस स्टैंड के पास आयोजित की गई। जिसमें शामिल ग्रामीणों एवं युवाओं ने क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के साथ ही सभी गांवों में नहरी पानी पहुंचाने एवं सडक़ तंत्र को सुधारने के मुद्दे प्रमुखता से उठाए। इस दौरान राजस्थान पत्रिका एवं फेसबुक की साझा मेजबानी में चलाए जा रहे ‘शुद्ध का युद्ध’ अभियान के तहत फेक न्यूज़ पर जागरूकता और वोट संकल्प कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया।
कस्बे में आयोजित भोपालगढ़ विधानसभा क्षेत्र की जन एजेंडा बैठक में क्षेत्र के प्रबुद्धजनों, राजनीतिक दलों के जनप्रतिनिधियों एवं आमजन व युवाओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया और क्षेत्र के विकास को लेकर अपनी प्राथमिकताएं गिनाई। बैठक में पूर्व सैनिक महेंद्र रलिया ने कहा कि क्षेत्र के सभी गांवों में नहरी पानी पहुंचना चाहिए और ग्रामीण इलाकों की सडक़ों की हालत भी सुधरनी चाहिए। युवा रामप्रसाद भनंगा व रामस्वरूप गर्ग ने किसानों को पर्याप्त वॉल्टेज के साथ पूरे 8 घंटे बिजली एवं ग्रामीण क्षेत्रों में चिकित्सा सुविधाएं बढ़ाने पर जोर दिया। साथ ही गांव में विकास के काम बिना किसी भेदभाव और प्राथमिकता से करने की जरूरत बताई। युवा दिनेश डांगी व सत्यनारायण हरिजन ने कहा कि ग्रामीण इलाकों में विद्यार्थियों एवं बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार मार्गदर्शन केंद्र स्थापित किए जाएं तथा सरकारी महाविद्यालय में शिक्षकों की व्यवस्था करते हुए जिले के एकमात्र सरकारी बीएड कॉलेज को बचाने के भरसक प्रयास किए जाएं। युवा किसान नेता ओम डूडी एवं केसरसिंह रुदिया ने कृषि बाहुल्य भोपालगढ़ क्षेत्र में कृषि आधारित उद्योग धंधों को विकसित करने एवं खासकर जिनिंग उद्योग, तेल उद्योग, हथकरघा उद्योग एवं पत्थर उद्योग को बढ़ावा देने की जरूरत पर बल दिया। बैठक में रामदीन सिंगड़ रामसा, धर्माराम, पेंटर रामपाल गुरु, कन्हैयालाल, दुदाराम, बंसीलाल, कल्याणसिंह, नाथूराम, जवरीलाल, संग्रामराम, दिनेश व रामअवतार समेत कई कार्यकर्ताओं ने भी क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों को रखा। इस दौरान उपस्थित सभी लोगों ने अभियान के तहत वोट संकल्प किया और कहा कि क्षेत्र में अधिक से अधिक मतदान करने के लिए आमजन को जागरूक करेंगे।
फेक न्यूज के प्रसार के लिए किया जागरूक
भोपालगढ़. जन एजेंडा बैठक के साथ ही राजस्थान पत्रिका एवं फेसबुक की साझा मेजबानी में चलाए जा रहे ‘शुद्ध का युद्ध’ अभियान के तहत फेक न्यूज पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान उपस्थित ग्रामीणों एवं खासकर युवाओं ने सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली हर खबर को गहन पड़ताल एवं उसकी सत्यता को पुख्ता करने के बाद ही आगे बढ़ाने व देख-समझकर ही शेयर करने का संकल्प किया। कार्यक्रम की सराहना करते हुए प्रतिभागियों ने कहा कि आज के समय सोशल साइट्स पर भ्रामक खबरों व संदेशों से समाज व लोकतंत्र को बड़ा नुकसान हो रहा है। सभी ने संकल्प किया कि ऐसे कार्यक्रम चुनावों के बाद भी जारी रहने चाहिए।
Published on:
03 Dec 2018 11:29 pm
