
RAILWAY---राइट टाइम का खेल! एक ही ट्रेन बनाड़ से जोधपुर 21 मिनट
जोधपुर।
ट्रेनों के विलंबित संचालन की किरकिरी से बचने के लिए रेलवे ने यात्रियों को समय के मायाजाल में फंसाने का जुगाड़ निकाला है। उदाहरण के लिए यों समझें कि किन्हीं दो स्टेशनों के बीच की दूरी हमेशा समान रहती हो, लेकिन एक ही ट्रेन जब एक स्टेशन से दूसरे पर जाती है तो आठ मिनट लगते हैं, जबकि लौटते समय इन्हीं स्टेशनों के बीच इसका समय पौने दो घंटे बताया जाता है। ट्रेन शेड्यूल में समय की इस बाजीगरी का फायदा यह होता है कि विलंब के बावजूद राइट टाइम के पैमाने पर रेलवे को इतना मार्जिन मिल जाता है कि लेट होने के बावजूद वेबसाइट्स और एप पर गाड़ी के अंतिम स्टेशन पर पहुंचने का स्टेटस यही दिखाता है कि वह समय से चल रही है।
---------
ऐसे समझे खेल
जैसलमेर-जयपुर-जैसलमेर सुपरफास्ट : गाड़ी संख्या 12467 लीलण एक्सप्रेस डेगाना से जयपुर ढाई घंटे में पहुंच रही है। वहीं वापसी में जयपुर से डेगाना पहुंचने का समय साढ़े तीन घंटे दिखाया जाता है।
जोधपुर-भोपाल-जोधपुर मेल एक्सप्रेस : गाड़ी संख्या 14814 के लिए दुर्गापुरा से जयपुर के बीच 8 किमी के सफर में 1.45 घंटे का मार्जिन बताया है। अगर ट्रेन पौने दो घंटे देरी से भी जयपुर पहुंचे तो भी राइट टाइम ही होगी।वापसी में यही ट्रेन जयपुर से दुर्गापुरा महज 21 मिनट में पूरा कर रही है।
जोधपुर-रेवाडी-जोधपुर मेल एक्सप्रेस : गाड़ी संख्या 14823 में जोधपुर से बनाड़ का 14 किमी का सफर 21 मिनट में तय होता है, जबकि गाड़ी संख्या 14824 बनाड़ से जोधपुर 14 किमी का सफर 1 घंटे 43 मिनट में पूरा हो रहा है ।
------------------
खमियाजा भुगतते मेल-पैसेंजर यात्री
टाइम मार्जिन के इस खेल में सबसे ज्यादा नुकसान मेल एक्सप्रेस व पैसेंजर स्पेशल ट्रेनों में सफर करने वाले गरीब व मध्यमवर्गीय यात्रियों को होता है। उच्च श्रेणी और सुपरफास्ट ट्रेनों को पास कराने में लगने वाले अनुमानित समय को पहले ही पैसेंजर गाडिय़ों के रनिंग शेड्यूल में शामिल कर उनको स्टेशन पर खड़ा रखा जाता है।
----------
इन ट्रेनों में भी यह खेला
ट्रेन नम्बर कहां से कहां तक किमी जाते वक्त आते वक्त
14891/92 जोधपुर-राइकाबाग 02 06 मिनट 30 मिनट
19735/36 मदार-अजमेर 06 20 मिनट 1 घंटे 25 मिनट
14721/22 राईकाबाग-जोधपुर 02 70 मिनट 06 मिनट
----------
ट्रेनों में निर्धारित नीति के अनुसार इंजीनिरिंग व ट्रैफिक अलाउंस दिए जाते है, जिससे नियमित रूप से मरम्मत कार्य किए जा सके, तांकि ट्रेनों के संचालन में कोई दिक्कत नहीं आए।
- कैप्टन शशि किरण, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, उत्तर पश्चिम रेलवे, जयपुर
Published on:
15 May 2023 06:48 pm
