
डरा-धमकाकर युवक से 22 सौ रुपए लूटे
जोधपुर. रातानाडा थानान्तर्गत जेएनवीयू मुख्य कार्यालय के बाहर सर्किल के पास मंगलवार को मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने डरा-धमकाकर एक युवक से बाइस सौ रुपए लूट लिए। लुटेरों की तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार बावड़ी निवासी ओंकारसिंह (25) पुत्र आसुसिंह मंगलवार दोपहर में जेएनवीयू मुख्य कार्यालय के आगे से निकल रहा था। संवित सर्किल के पास पहुंचने पर बिना नम्बर की मोटरसाइकिल पर आए दो युवकों ने उसे रोका और हाथ से मोबाइल लूट लिया। फिर उससे रुपए मांगे, लेकिन उसने देने से इनकार कर दिया। इस पर युवकों ने उसकी जेब में झपट्टा मारा और उसमें रखे बाइस सौ रुपए लूट लिए। रुपए लूटने के बाद युवक ने उसका मोबाइल फेंक दिया और मोटरसाइकिल पर तेजी से भाग निकले। युवक ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। रातानाडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लुटेरों की तलाश कराई। देर रात तक लुटेरों का कोई सुराग नहीं लग पाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Published on:
25 Sept 2019 12:22 am
