
उम्मेद भवन में फिर से शुरू हो सकता है रॉयल वेडिंग का दौर
जोधपुर. विश्व के 50 प्रमुख महलों में शुमार जोधपुर के उम्मेद भवन पैलेस में कोरोना के कारण बंद शाही विवाह समारोह लंबे अर्से के बाद फिर से शुरू होने की उम्मीद जगी है। उम्मेद भवन पैलेस में बॉलीवुड अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा और अमरीकी सिंगर गीतकार निक जोनस के रॉयल वेडिंग समारोह (2 दिसम्बर 2018 ) के लंबे अंतराल से बॉलीवुड की बहुचर्चित जोड़ी रणबीर-आलिया भट्ट के विवाह से रॉयल वेडिंग की शुरुआत हो सकती है। करीब 26 एकड़ क्षेत्रफल में फैले मारवाड़ के ताज के रूप में विश्वविख्यात उम्मेद भवन पैलेस में आलिया-रणवीर के विवाह को लेकर इन दिनों सोशल मीडिया में भी खबरें चल रही है। विवाह की लोकेशन देखने के लिए रणबीर कपूर और आलिया भट्ट तीन दिन पहले जोधपुर पहुंचे भी है। इन दिनों पाली जिले के जवाईं रिसोर्ट में रूके हुए हैं।
इससे पहले भी हो चुके है आयोजन
उम्मेद भवन पिछले डेढ़ दशक में कई राजनीतिक, उद्योग, बॉलीवुड व हॉलीवुड हस्तियों की रॉयल वेडिंग व बर्थ-डे समारोह का साक्षी रह चुका है। बिजनेस टायकून अरूण नायर-लिज-हर्ले की 2 मार्च 2007 में शाही शादी हुई जिसमें एक विदेशी मैग्जिन को 2 मिलियन पौण्ड में मीडिया कवरेज के राइट्स दिए गए थे। बॉलीवुड के इरोस इंटरनेशनल के निदेशक किशोर लुल्ला की पुत्री ऋषिका-स्वनित की वेडिंग 18 नवम्बर 2013 को तथा 6 नवम्बर 2012 को ब्रिटिश सुपर मॉडल नाओमी कैम्पबेल के अपने अरबपति ब्वायफ्रैंड ब्लादिस्लाव डोरोनिन के बर्थ-डे समारोह के कारण उम्मेद भवन देश-विदेश में छाया रहा। प्रसिद्ध उद्योगपति मुकेश अंबानी की पत्नी नीता अंबानी के 50 वें बर्थ-डे के उपलक्ष्य में 1 नवम्बर 2013 को उम्मेद भवन में आयोजित शाही जश्न में बॉलीवुड, क्रिकेट और उद्योग जगत की 150 से अधिक नामचीन हस्तियां जोधपुर पहुंची थी। झारखंड के प्रमुख खनन व्यवसायी रमेश प्रसाद साव के पुत्र रोहित और बनारस के उद्योगपति की पुत्री गौरी का विवाह समारोह भी 28 नवम्बर 2013 को उम्मेद भवन में शाही तरीके से आयोजित किया गया था। लेकिन पिछले डेढ़ दशक के दौरान हुए सभी शाही आयोजनों में डोरोनिन का जन्मदिवस समारोह का आयोजन सबसे महंगा और भव्य रहा। इस आयोजन के दौरान पहली बार उम्मेद भवन और मेहरानगढ़ के सुरक्षा अधिकारियों तक को मोबाइल फोन तक प्रयोग की अनुमति नहीं दी गई। यही प्रयोग पुन: प्रियंका चौपड़ा के विवाह समारोह में किया गया।
Published on:
29 Sept 2021 10:49 am
