
बगैर सिर का शिशु का भ्रूण मिलने से सनसनी
जोधपुर।
बनाड़ थानान्तर्गत डिगाड़ी से नांदड़ा रोड पर गंदे पानी के नाले मे बगैर सिर का शिशु का भ्रूण मिलने से सनसनी फैल गई। जांच के बाद पुलिस ने शव महात्मा गांधी अस्पताल की मोर्चरी भिजवा दिया, जहां से पोस्टमार्टम के बाद शव हिन्दु सेवा मण्डल को सौंप दिया।
पुलिस के अनुसार श्रीयादे नगर में आचार्यों की ढाणी के पास गंदे नाले में नवजात का शव दिखाई दिया। हेड कांस्टेबल सीताराम मौके पर पहुंचे। जांच करने पर नवजात शिशु का सिर गायब मिला। शव भी क्षत-विक्षत हो चुका था। आस-पास के लोगों से परिजन के संबंध में जानकारी लेने का प्रयास किया गया, लेकिन मां का पता नहीं लग पाया। शव मोर्चरी भिजवा दिया गया, जहां पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार के लिए भ्रूण को हिन्दू सेवा मण्डल को सौंपा गया। पोस्टमार्टम में भ्रूण के शिशु के होने का पता लगा। पुलिस का कहना है कि किसी ने पैदाइश छुपाने के लिए भ्रूण को सुबह अथवा एक दिन पहले नाले में फेंका है। तब श्वान भ्रूण का सिर नोंच कर खा गए।
Published on:
23 Sept 2023 11:51 pm
