
जोधपुर.
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की विशेष विंग ने बाड़मेर जिले के पादरू कस्बे में हैयर सैलून दुकान में बिजली चोरी के मामले में कोई कार्रवाई न करने की एवज में बीस हजार रुपए रिश्वत लेते मिठाई दुकानदार व डिस्कॉम के तकनीकी सहायक (लाइनमैन) को सोमवार को गिरफ्तार किया। मिठाई विक्रेता ने तकनीकी सहायक के लिए यह रिश्वत राशि ली।
ब्यूरो के उप महानिरीक्षक डॉ विष्णुकांत के अनुसार मूलत: बाड़मेर जिले में शिव तहसील के बलाई गांव हाल पादरू निवासी देवाराम पुत्र सागरराम सैन की शिकायत पर डिस्कॉम में तकनीकी सहायक (लाइनमैन) नवल किशोर पुत्र सिकराम मीणा व बाड़मेर जिले के लंगेरा में गडरा रोड पर आदर्श नगर निवासी मिठाई दुकानदार भगवान प्रसाद उर्फ बाबूसिंह पुत्र किस्तूरसिंह राजपुरोहित को गिरफ्तार किया गया है। तकनीकी सहायक दौसा में सिकराय का रहने वाला है। एसीबी जोधपुर की विशेष विंग के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ दुर्गसिंह राजपुरोहित के नेतृत्व में एसआई अयूब खां, हेड कांस्टेबल मेघराज, कांस्टेबल भंवरलाल आदि कार्रवाई में शािमल थे।
बिजली मीटर ले गए, लेकिन कार्रवाई नहीं की
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ दुर्गसिंह राजपुरोहित ने बताया कि देवाराम सैन की पादरू गांव में चैम्पियन हैयर ड्रैसर सैलून नामक दुकान है। दुकान मालिक मेहबूब खां के नाम बिजली का बिल आता है। गत २४ जुलाई को लाइनमैन नवल किशोर और कनिष्ठ अभियंता जितेन्द्र सैनी दुकान पर आए और बिजली चोरी के संदेह में मीटर खोलकर ले गए थे, लेकिन बिजली चोरी का कोई मामला नहीं बनाया था।