
जोधपुर. कांग्रेस की ओर से पेट्रोल, डीजल व रसोई गैस की बेलगाम कीमतों के विरोध में सोमवार सुबह 9 से दोपहर 3 बजे तक भारत बन्द के किए गए आह्वान का आंशिक असर देखने को मिल रहा है। शांतिपूर्ण माहौल में शहर के अधिकांश क्षेत्रों में प्रतिष्ठान रोजना की तरह ही खुले दिखे। वहीं सर्तकता व समर्थन के चलते मुख्य बाजार में से रौनक जरूर नदारद दिखी। छात्रसंघ चुनावों के साथ भारत बंद को लेकर पुलिस चाक-चौबंद दिखी। पेट्रोल व डीजल में लगातार बढ़ रहे दामों को लेकर आमजन में बढ़ रहे रोष के चलते सरकार की ओर से रविवार रात को कम की गई कीमतों के चलते लोगों ने राहत की सांस जरूर ली है। लेकिन विपक्षी दल का विरोध प्रखर होने लगा है। जालोरी गेट पर कांग्रेस के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया और आमजन को बंद का समर्थन करने पर धन्यवादा ज्ञापित किया। तरुण अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव तरुण कुमार ने कहा कि साल 2014 में पेट्रोल के दाम प्रति लीटर 51 रुपए थे, अब लगभग 80 रुपए हो चुके हैं। डीजल 44 रुपए प्रतिलीटर हुआ करता था, जो अब 71 रुपए पहुंच गया है। दोनों के दाम आसमान छूते जा रहे हंै। इस समस्या से आम आदमी परेशान है। इस कारण अब जनता कांग्रेस के साथ है। वहीं कांग्रेस की ओर से शहर में रविवार को विभिन्न स्थानों पर जनसंपर्क कर बंद का समर्थन करने का आह्वान किया गया था। संभागीय प्रवक्ता डॉ. अजय त्रिवेदी ने बताया जिलाध्यक्ष सईद अंसारी द्वारा तय की गई रूपरेखा के अनुरूप विधानसभावार प्रभारी राजेंद्र सिंह सोलंकी, अनिल टाटिया व जगदीश सांखला की अगुवाई में सभी कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने व्यापक जनसम्पर्क करके बन्द का समर्थन जुटाया था।