
पीपाड़सिटी में अब बनेगा सोलह बेड का चाइल्ड डेडिकेटेड कोविड सेंटर
पीपाड़सिटी (जोधपुर). कोविड की तीसरी लहर में बच्चों पर असर पडऩे की संभावना को देखते हुए राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की गाइडलाइन के बाद प्रशासन ने राजकीय जिला अस्पताल में चाइल्ड डेडिकेटेड कोविड सेंटर स्थापित करने की तैयारियां शुरू कर दी हैं।
सेंटर में सोलह बेड के लिए तीन वार्डों में समुचित सुविधाओं के लिए कल्पतरु पावर ट्रांसमिशन, मुंबई ने इसके लिए आर्थिक सहयोग के साथ आवश्यकता सुविधाओं को लेकर कार्रवाई शुरू कर दी हैं।
सूत्रों के अनुसार राजकीय जिला अस्पताल में पचास बेड का डेडिकेटेड कोविड सेंटर के बाद अब चाइल्ड सेंटर को लेकर उपजिला प्रशासन ने भामाशाह के सहयोग से शुरू करने का निर्णय किया, जिस पर शहर के मुंबई प्रवासी भामाशाह ओर कल्पतरू समूह के अध्यक्ष मोफतराज मुणोत ने अपनी जन्मभूमि के राजकीय जिला अस्पताल में चाइल्ड डेडिकेटेड वार्ड को गोद लेने के साथ आवश्यक खर्च वहन करने की घोषणा की हैं।
इसे देखते हुए समूह के इंजीनियर कृष्णा यादव की टीम ने रविवार को अस्पताल परिसर का अवलोकन करने के बाद नि: शुल्क जांच केंद्र के पास तीन वार्डों को देखने के बाद इस परिसर की मरम्मत, रंग-रोगन के साथ अन्य आवश्यक सुविधाओं, उपकरणों को लेकर इंसीडेंट कमांडर शैतानसिंह राजपुरोहित, प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुरेन्द्रसिंह परिहार से वार्ता कर प्रोजेक्ट को अंतिम रूप देते हुए कार्य शुरू कर दिया हैं।
कोरियाई जनरेटर लगेंगे
अस्पताल में प्रस्तावित चाइल्ड कोविड सेंटर में ऑक्सीजन की नियमित आपूर्ति के लिए कल्पतरू पावर ट्रांसमिशन पृथक से जनरेटर स्थापित करने के साथ भर्ती बच्चों के परिजनों के लिए तीन वार्डो के पास ही अटेंड वेटिंग रूम भी बनाया जाएगा, जिसमें परिजनों की सुविधाओं को देखते हुए कार्य किया जाएगा।
इसके साथ अन्य मरीजों के लिए भी दूसरा ऑक्सीजन जनरेटर लगाया जाएगा, जिससे मरीजों को पाइप लाईन से बेड पर ही ऑक्सीजन मिल सकेगी। ये दोनों जनरेटर कोरिया से ट्रांसपोर्ट किए गए हैं। इसके साथ पोर्टेबल एक्स रे मशीन भी दी जाएगी।
इन्होंने कहा
राजकीय जिला अस्पताल में चाइल्ड डेडिकेटेड कोविड हेल्थ सेंटर के तीन वार्डोँ में अठारह बेड की सुविधा के साथ ग्रुप अन्य सुविधाओं के विकास के प्रोजेक्ट पर अस्सी लाख रुपए खर्च करेगा। इसको लेकर तैयारियां शुरू की जा चुकी।
-श्याम अग्रवाल, निदेशक, कल्पतरू पावर ट्रांसमिशन, मुंबई।
Published on:
23 May 2021 06:16 pm
