
...तो इस कारण से जिंदा जल गया था मासूम
जोधपुर. कुड़ी भगतासनी थानान्तर्गत झालामण्ड के बापू नगर स्थित खाली भूखण्ड में खुला हौद कचरे से अटा था। उसमें लकडि़यों के साथ कागज के कई खाली कार्टन पड़े थे। होली जलाने के लिए लकडि़यों में आग लगाने से कागज के कार्टन चपेट में आ गए थे। बालक ने पत्थर की सीढ़ी पर चढ़कर बाहर निकलने की कोशिश भी की थी, लेकिन सीढ़ी गर्म होने से वह आग की लपटों पर ही गिरकर जिंदा जल गया था। हादसे से कुछ देर पहले बाहर निकलने वाले बालक व पुलिस की जांच में यह सामने आया।
थानाधिकारी मुक्ता पारीक ने बताया कि खाली भूखण्ड में पुराना खुला हौद है। उसमें होलिका दहन से निकाला प्रहलाद भी रखा था। बापू नगर निवासी हसंतसिंह (9) पुत्र नरपतसिंह व उसका मित्र खेल-खेल में हौद के पास पहुंचे तो प्रहलाद देख उन्होंने होली जलाने का निर्णय किया था। दोनों पत्थर की एक सीढ़ी पर पांव रखकर हौद में उतरे थे, जहां उन्होंने लकडि़यां एकत्रित कर आग लगा दी थी। इतने में उसका मित्र पानी पीने का कहकर सीढ़ी की मदद से बाहर निकल गया था।
हौद में पड़े कागज के कार्टन आग की चपेट में आ गए तो लपटें तेज हो गईं था। पुलिस का मानना है कि आग अधिक होने पर घबराए हसंत ने सीढ़ी पर चढ़कर बाहर निकलने का प्रयास किया होगा, लेकिन आग से सीढ़ी गर्म होने से वह जल गया और आग की लपटों पर जा गिरा होगा। इससे वह जिन्दा जल गया था। उधर, उसका मित्र समय रहते पानी पीने के लिए बाहर निकलने की वजह से सुरक्षित बच गया।
Published on:
17 Mar 2020, 1:48 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.