
अपनों के साथ दूसरों को भी संबल देने में जुटे समाज
जोधपुर. हर किसी की राह में फूल बिछाता जरूर है यारों यह पत्थरों का शहर जोधपुर है.. किसी शाइर की लिखी इन पंक्तियों को चरितार्थ करने में जोधपुर के विभिन्न समाज आगे आने लगे हैं। कोविड की दूसरी लहर में लगातार बढ़ते मामलों के बीच अपनों के साथ सर्वभवेन्तु सुखिन की भावना के साथ पीडि़त व उनके परिजनों को संबल देने के लिए दिन रात प्रयास किए जा रहे है। समाजजन अपने स्तर पर स्वास्थ्य और राशन से लेकर वर्तमान में सबसे बड़ी
जरुरत बनी ऑक्सीजन के लिए पहल कर अपनों को मदद पहुंचा रहे है। इसके लिए व्हाट्सअप गुप बनाए गए है। जागरुकता के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का भी उपयोग खूब हो रहा है।
......................
पुष्करणा समाज:
नर्सिंग केयर सेंटर की स्थापना कर जरूरतमंदों को राहत का प्रयास
पिछले साल कोरोना काल में मात्र ४८ घंटों में आरंभ किए कोविड सेंटर में करीब १३५ कोविड संक्रमितों को क्वाारेंटिन किया गया था। पुष्करणा एजुकेशन सोसायटी के अध्यक्ष आनंद पुरोहित के समक्ष कोविड सेंटर का प्रस्ताव रखते ही उन्होंने मात्र तीन मिनट में कोविड सेन्टर के प्रस्ताव को स्वीकृति देते हुए समाज के कॉलेज के पीछे का हिस्सा निशुल्क मुहैया करवाया। शहर के १५ युवाओं और पत्रकारिता से जुड़े लोगों ने मिलकर कैलाश की करूणा के राजू व्यास के सान्निध्य में सेन्टर को शुरू किया। पुष्करणा यूथ सोसायटी की ओर से नर्सिंग केयर सेंटर की स्थापना कर समाज के जरूरतमंद लोगों को ऑक्सीजन के अलावा भी कई सुविधाएं मुहैया करवाई जा रही है। कोरोना की दूसरी लहर में संस्था को सहयोग करने के लिए पुष्करणा समाज सहित विभिन्न समाज के लोगों का भी सहयोग मिला है। संस्था के पास करीब १५ ऑक्सीजन मशीनें जल्द उपलब्ध हो जाएगी। जिला प्रशासन अब इस कोविड नर्सिंग सेंटर को १०० बेड का अस्थाई कोविड सेंटर बना रहा है। जिससे समाज के लोगों के साथ ही अन्य लोगों को भी यहां की सुविधा मिलेगी।
-प्रदीप जोशी, अध्यक्ष, पुष्करणा यूथ सोसायटी जोधपुर
...........................
कायस्थ समाज :
जरूरतमंदों को मेडिकल किट व पीडि़तों को प्लाज़्मा उपलब्ध कराने की मुहिम
कोरोना महामारी के द्वितीय हमले में कायस्थ समाज की विभिन्न संस्थाएं समाज बंधुओं की सहायता के लिए मोर्चे पर एक जुट होकर मुस्तैदी से खडी है । समाज के ही संस्थान अरुणम फाउंडेशन की ओर से कोरोना संक्रमण पीडि़त होम आइसोलेसन लोगों के लिए चिकित्सकीय निर्देशानुसार सभी रोग प्रतिरोधक क्षमता की दवाइयां जिसमें आयुर्वेदिक,एलोपैथी हौम्योपेथी दवाइयों का मेडिकल किट नि:शुल्क दिया जा रहा है। जिसमें डिजिटल थर्मामीटर व सैनिटाइजर भी शामिल है फाउंडेशन के कवीन्द्र माथुर दिलीप माथुर व समाज के अन्य सदस्यों के सहयोग से दवाओं के अलावा फाउंडेशन कोरोना से ठीक हुए लोगों को जरूरतमंद लोगों को प्लाज़्मा देने के लिए प्रेरित कर समाज बंधुओं तक राहत पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे है। आवश्यकतानुसार पल्स ऑक्सीमीटर भी उपलब्ध कराया जा रहा है। शहर के प्रख्यात समाज के ही चिकित्सको का एक पैनल भी बनाया गया है जिनसे टेलीफोन पर चिकित्सीय सलाह ली जा सकती है। समाज की प्रमुख संस्था कायस्थ जनरल सभा की प्रेरणा से सभी समाज की संस्थाएं ऑक्सीजन सिलेंडर की व्यवस्था के अलावा पीडि़तों की सेवा में जुटी हैं।
कवीन्द्र माथुर, अध्यक्ष, अखिल भारतीय कायस्थ महासभा,जोधपुर
Updated on:
28 Apr 2021 12:33 pm
Published on:
28 Apr 2021 12:33 pm
