
एसओजी ने पकड़ा लूट की योजना बना रहा युवक
जोधपुर.
लूट, मारपीट कर तोड़-फोड़, पुलिस पर फायरिंग और सेल्फ ड्राइव पर कार किराए ले जाने के बाद खुर्द-बुर्द करने के छह मामलों में फरार एक युवक को स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने बुधवार को पकड़ लिया। वह साथियों से सम्पर्क कर नागौर में लूट की योजना बना रहा था। मथानिया थाना पुलिस ने लूट के एक मामले में उसे गिरफ्तार किया। वह 044 गैंग का सक्रिय गुर्गा है।
एसओजी के अनुसार सूरसागर में कालूराम की बावड़ी निवासी जहांगीर खां उर्फ बाबू उर्फ डोरेमोन पुत्र जाकिर खान को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पकड़ लिया और पूछताछ के बाद मथानिया थाना पुलिस को सौंप दिया। उसे सब्जी व्यापारी खेमदास वैष्णव से मारपीट कर पन्द्रह हजार रुपए लूट के मामले में गिरफ्तार किया गया है।
गैंग का साथी निंबाहेड़ा में पकड़ा गया
पुलिस के अनुसार वह 044 गैंग का सक्रिय गुर्गा है। यह गैंग लोहावट में जाटावास निवासी निंबाराम उर्फ नेमाराम जाट के साथ मिलकर बनाई थी। निंबाराम को निंबाहेड़ा थाना पुलिस ने गत दिनों गिरफ्तार किया था।
दिल्ली में ट्रिपल हत्याकाण्ड में होगी पूछताछ
आरोपी जहांगीर खां पर सूरसागर व सरदारपुरा थाने में मोबाइल लूट और प्रतापगढ़ के अरनोद थाने में एनडीपीएस एक्ट के मामले भी दर्ज हैं। दिल्ली के बुहाड़ी थाने में टीलू व गोगी गैंग के बीच गैंगवार में ट्रिपल मर्डर में पूछताछ के दौरान निंबाराम ने जहांगीर की भूमिका भी बताई है। उससे इस बारे में भी पूछताछ की जा रही है।
इन मामलों में था वांछित
- मथानिया थानान्तर्गत जुड गांव निवासी सब्जी व्यापारी खेमदास वैष्णव से पन्द्रह हजार रुपए की लूट।
- अल्फाज खान से गाड़ी लूट के मामले में मतोड़ा थाने का वांछित।
- फर्जी आइडी से सेल्फ ड्राइव पर किराए की कार खुर्द-बुर्द करने के मामले में उदयमंदिर थाने का वांछित।
- अशोक कुमार से मारपीट कर कार लूट में रोहट थाने का वांछित।
- डम्पर में तोड़-फोड़ व जानलेवा हमले के मामले में बनाड़ थाने का वांछित।
- बिलाड़ा थानान्तर्गत चांदेलाव गांव में पुलिस पर फायरिंग में वांछित।
Published on:
23 Jan 2020 12:23 am
