
अलमारी की चाबी बनाने के बहाने 70 हजार के जेवर चुराए
अलमारी की चाबी बनाने के बहाने 70 हजार के जेवर चुराए
- दो अज्ञात युवकों की तलाश
जोधपुर.
देवनगर थानान्तर्गत मसूरिया में बाबू राजेन्द्र मार्ग स्थित मकान में अलमारी की चाबी बनाने के बहाने दो युवकों ने सोने के दो जेवर चुरा लिए। युवकों के निकलने के बाद अलमारी संभालने पर जेवर गायब मिले।
पुलिस के अनुसार बाबू राजेन्द्र मार्ग निवासी किशनलाल (79) पुत्र मांगीलाल प्रजापत ने घर में अलमारी से सोने की कानों की लड़ व सोने की अंगूठी चुराने का मामला दर्ज कराया। आरोप है कि किशनलाल के अलमारी की चाबी खो गई थी। जिसके लिए नई चाबी बनवानी थी। इस बीच, सोमवार को चाबी बनाने वाले दो युवक मोहल्ले में आए। तब उन्होंने अलमारी की चाबी बनवाने के लिए दोनों को घर में बुलाया। इस दौरान उनकी पत्नी मकान के काम में व्यस्त हो गईं। वृद्ध किशनलाल कुछ दूरी पर बैठे थे। चाबी बनाने के दौरान नजरें बचाकर दोनों युवकों ने अलमारी से सोने की कानों की लड़ और सोने की एक अंगूठी चुरा ली। चाबी बनाने के बाद दोनों निकल गए। कुछ देर बाद महिला ने अलमारी खोली तो जेवर नहीं मिले।
Published on:
29 Sept 2021 12:12 am
