
नहाने के दौरान छात्र पदमसर तालाब में डूबा
जोधपुर.
प्राचीन जलाशय पदमसर तालाब में नहाने के दौरान शुक्रवार शाम एक बालक डूब गया। उसे डूबते देख साथी बालक ने घर जाकर परिजन को अवगत कराया। गोताखोर ने उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी।
खाण्डा फलसा थाना पुलिस के अनुसार नवचौकिया में पुरानी गली के पास निवासी रौनक (13) पुत्र नरेन्द्र माथुर अपने एक मित्र के साथ शाम को नहाने के लिए पदमसर तालाब गए थे। कमीज व पेंट उतारकर रौनक पानी में उतरा। कुछ ही देर में वह डूबने लगा। उसके चिल्लाने पर साथी के हाथ-पांव फूल गए। वह भागकर घर पहुंचा और रौनक के परिजन को सूचना दी। सभी घरवाले हक्के-बक्के पदमसर आए। स्थानीय गोताखोर को बुलाया। जिसने मशक्कत के बाद देर शाम रौनक को बाहर निकाल लिया, लेकिन तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी। पुलिस भी मौके पर आई और शव मोर्चरी में रखवा दिया।
संतान न होने पर गोद लिया था पिता ने
पुलिस का कहना है कि नरेन्द्र माथुर के कोई संतान नहीं है। ऐसे में उन्होंने संतानसुख के लिए रौनक को गोद ले रखा था। वह पढ़ाई कर रहा था। हादसे से घर में मातम सा छा गया है।
Published on:
07 Aug 2021 01:30 am
