
टैंकर ने बाइक चालक को कुचला
जोधपुर. बाड़मेर रोड पर लूणावास कला के पास ओवरटेक के प्रयास में टैंकर ने गलत दिशा में जाकर मोटरसाइकिल को चपेट में ले लिया। बाइक चालक की मौत और उसका कांस्टेबल भांजा घायल हो गया। नई मोटरसाइकिल लेने के बाद मामा-भांजा धार्मिक स्थान के दर्शन कर लौट रहे थे।
थानाधिकारी लेखराज सियाग के अनुसार खेड़ापा निवासी श्रवणराम (40) पुत्र जीवनराम वाल्मीकि अपने कांस्टेबल भांजे अणवाणा निवासी श्रवण कुमार वाल्मीकि (35) पुत्र मदनलाल के साथ मोटरसाइकिल पर बाड़मेर की तरफ से जोधपुर लौट रहे थे। श्रवणराम बाइक चला रहा था। जबकि भांजा पीछे बैठा था। अपराह्न करीब ढाई-तीन बजे लूणावास कला के पास पहुंचने पर सामने से ओवरटेक के प्रयास में एक टैंकर गलत दिशा में आया और मोटरसाइकिल को चपेट में ले लिया।
इससे पीछे बैठा श्रवण कुमार उछलकर दूर जा गिरा। जबकि टैंकर ने मोटरसाइकिल चालक श्रवणराम को कुचल दिया। वह गम्भीर घायल हो गया। दोनों को मथुरादास माथुर अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने मामा श्रवणराम पुत्र जीवनराम को मृत घोषित कर दिया। जबकि श्रवण कुमार के मामूली चोट आई। हादसे के बाद चालक टैंकर छोड़ भाग निकला।
एक दिन पहले ही खरीदी थी मोटरसाइकिल
पुलिस का कहना है कि घायल होने वाला श्रवणराम दइजर स्थित ग्रामीण पुलिस लाइन में कांस्टेबल है। उसने शुक्रवार को ही नई मोटरसाइकिल खरीदी थी। एेसे में मामा-भांजा नई बाइक पर गेलावास गांव में धार्मिक स्थान के दर्शन करने गए थे और वहां से घर लौट रहे थे।
Published on:
17 Feb 2019 01:44 am
