
एक साथ जुटे सैकड़ों हाथ तो संवर कई कलक्ट्रेट की सूरत
जोधपुर. कलक्ट्रेट परिसर शुक्रवार सुबह से ही देश भक्ति गीतों से गुंजायमान हो उठा। करीब एक हजार कर्मचारी व स्वयंसेवक हाथ में गेंती-कुल्हाड़ी लेकर परिसर को साफ करने में जुट गए। सुबह 6 बजे से 10.30 बजे तक चले स्वच्छता अभियान में संभागीय आयुक्त डॉ. समित शर्मा व पुलिस कमिश्नर जोस मोहन सहित अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों ने भागीदारी निभाई।
संभागीय आयुक्त शर्मा की अपील पर यह स्वैच्छिक श्रमदान कार्यक्रम रखा गया। कलक्ट्रेट परिसर के तीनों उद्यान जो जंगल का रूप ले चुके थे उनकी हालत सुधारी गई। करीब चार घंटे से भी ज्यादा श्रमदान करने के बाद 700 से ज्यादा पौधे भी लगाए गए। नगर निगम की ओर से टीमें भी लगाई गई। साथ ही कचरा पात्र भी रखवाए गए। निगम की ओर से बैठने के लिए बेंच भी रखवाई गई। इन उद्यानों में जल्द पीने के पानी की व्यवस्था करवाई जाएगी। एडीएम एम.एल नेहरा, एडीएम सिटी सीमा कविया, नगर निगम उत्तर आयुक्त रोहिताश्वसिंह तोमर सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी जुटे।
सालों बाद चला ऐतिहासिक फव्वारा
कलक्ट्रेट लॉन ए और बी के साथ सेंट्रल पार्क में भी श्रमदान किया गया। इस दौरान वहां ऐतिहासिक फव्वारा जो सालों से बंद था उसे शुरू किया गया। अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ के अध्यक्ष कृष्ण मुरारी शर्मा के नेतृत्व में मास्क भी वितरित किए गए। थर्मल स्कैनिंग के बाद भी श्रमदान के लिए प्रवेश दिया गया।
Updated on:
10 Jul 2020 06:06 pm
Published on:
10 Jul 2020 06:06 pm
