
महिला को जिंदा जलाकर शव श्मशान में गाढ़ा
जोधपुर.
कुड़ी भगतासनी हाउसिंग बोर्ड के सेक्टर-८ के मकान में लिव इन रिलेशनशिप में रहने वाली एक महिला को जिंदा जला शव गुपचुप श्मशान में गाढ़ दिया। वारदात के दो दिन बाद जोधपुर आए पिता ने साथ रहने वाले आरोपी के खिलाफ कुड़ी भगतासनी थाने में हत्या व साक्ष्य मिटाने का मामला दर्ज कराया।
थानाधिकारी जुल्फिकार अली ने बताया कि केबीएचबी सेक्टर आठ निवासी अणची (२५) पुत्र किशनलाल कालबेलिया को जलाकर मारने व शव गाडऩे के संबंध में कालूराम लोहार के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। एससी-एसटी एक्ट की धाराओं में भी मामला दर्ज होने से जांच एससी-एसटी एक्ट के एसीपी मानाराम को सौंपी गई है।
प्रतापगढ़ में छोटी सादड़ी निवासी किशनलाल कालबेलिया का आरोप है कि उसकी पुत्री अणची दो साल से कालूराम लोहार के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रह रही थी। उसे एक साल का पुत्र राहुल भी है। गत तेरह सितम्बर को अणची देवी की मृत्यु हो गई थी। तब कालूराम ने शव को कंबल में लपेटकर मोटरसाइकिल पर केके कॉलोनी स्थित श्मशान स्थल ले जाकर गाड़ दिया था। मोहल्लेवासियों को संदेह हुआ तो उन्होंने मृतका के पिता को फोन कर सूचना दी। पिता कालूराम केबीएचबी सेक्टर-८ में पुत्री के मकान पहुंचा, लेकिन वहां कोई नहीं मिला। तब आस-पास के लोगों ने उन्हें अवगत कराया कि गत तेरह सितम्बर को कालूराम ने अणची को जलाकर मार दिया था और शव भी श्मशान में गाड़ चुका है।
शव बाहर निकलवाकर होगा पोस्टमार्टम
पुलिस का कहना है कि एसडीएम के आदेश पर जमीन में गड़ा शव बाहर निकलवाया जाएगा। फिर उसका मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम होगा। उसके बाद ही मृत्यु का कारण पता लग पाएगा। आरोपी कालूराम से पूछताछ की जा रही है।
Published on:
16 Sept 2020 06:00 am
