
The convocation parade ceremony of the new constables on behalf of BSF
जोधपुर. सीमा सुरक्षा बल ( BSF ) की ओर से नवआरक्षकों ( Constables ) का दीक्षांत परेड समारोह ( convocation parade ceremony ) शनिवार को जोधपुर के सीमा सुरक्षा बल सहायक प्रशिक्षण केंद्र ( Border Security Force Assistant Training Center ) में आयोजित किया गया।
परेड का निरीक्षण और सलामी
यहां नवआरक्षको के बैच संख्या 234 व 128 के दीक्षांत परेड समारोह में राजस्थान पुलिस के कुल 374 नवआरक्षकों ने भारतीय संविधान के प्रति कर्तव्य निष्ठ होकर देश की एकता एवं अखंडता को कायम रखने की शपथ ली। सीमा सुरक्षा बल, जोधपुर सहायक प्रशिक्षण केंद्र के कमाण्डेंट ( प्रशिक्षण ) वाई एस राठौड़, की अगवानी में मुख्य अतिथि जोधपुर पुलिस कमिश्नर प्रफु ल्लकुमार ने नवआरक्षकों की भव्य परेड का निरीक्षण किया और परेड की सलामी ली। मुख्य अतिथि ने नवआरक्षकों को संबोधित करते हुए, ईमानदारी एवं निष्ठापूर्वक कर्तव्य पालन करने का आह्वान किया।
कठोर प्रशिक्षण का ही परिणाम
उन्होंने कहा कि आज का यह गौरवमय उत्साह व तेज से भरपूर दिन आपके जीवन का सुखद व यादगार दिन रहेगा और राजस्थान पुलिस परिवार का सदस्य होने के नाते मुझे इस क्षण का साक्षी बनने का अवसर प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि यह आकर्षक एवं भव्य परेड कठिन परिश्रम व कठोर प्रशिक्षण का ही परिणाम है।
बहादुरी व समझदारी से ही सम्भव
प्रफुल्लकुमार ने कहा, उम्मीद है कि जनता और समाज की पुलिस विभाग से जो अपेक्षाएं हैं, उस पर आप खरे उतरने का प्रयास करेंगे और समाज में व्याप्त अपराध, संगठित अपराध, साइबर अपराध एवं सामाजिक कुरीतियों का दृढ़ता से सामना करेंगे व कानून-व्यवस्था बनाए रखने में अपना सर्वोत्कृष्ट योगदान देंगे। यह कार्य अनुशासन, प्रशिक्षण, व्यावसायिक कौशल, बहादुरी व समझदारी से ही सम्भव है।
राष्ट्रपति पुलिस पदक से अलंकृत किया
उन्होंने नव आरक्षकों को मूल्यों को महत्व देते हुए व मानवाधिकारों का ध्यान रखते हुए अपने कर्तव्य की पालना करने की शिक्षा दी। अंत में उन्होनें भव्य परेड को दिशानिर्देश देने के लिए सहायक प्रशिक्षण केन्द्र की ट्रेनिंग टीम व प्रशिाक्षण के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में पदक प्राप्त करने वाले नवआरक्षकों को बधाई दी और सभी नवआरक्षकों के उज्जवल भविष्य की कामना की। दीक्षांत परेड के अवसर पर सेवानिवृत अधिकारियों व कार्मिको को सराहनीय सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक से अलंकृत किया गया।
परिवारजन भी उपस्थित थे
दीक्षांत समारोह के अवसर पर सीमा सुरक्षा बल सहायक प्रशिक्षण केंद्र के महानिरीक्षक अजमल सिंह कठात, कमाण्डेंट राजीव अग्निहोत्री व सीएमओ ( एसजी ) एन पी कोहली के अलावा राज्य प्रशासन, सीमा सुरक्षा बल, पुलिस व आईटीबीपी के अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी, जवान और उनके परिवारजन भी उपस्थित थे।
Published on:
28 Sept 2019 11:44 am
