
पर्यटन का हो विकास, सभी को मिले मीठा पानी
ओसियां/जोधपुर .
ओसियां विधानसभा क्षेत्र की बुधवार को हुई जन एजेंडा बैठक में पर्यटन विकास, ओसियां को नगरपालिका बनाने एवं कस्बे में सीवरेज लाइन बिछाने का मुद्दा प्राथमिकता से उठा। प्रबुद्धजन ने कहा कि आने वाली सरकार के समक्ष एक ही बड़ी मांग है कि उपखण्ड मुख्यालय ओसियां कस्बे ने गांव से भी बदतर हालात झेल लिए, अब हमें शहर जैसी सुविधाएं चाहिए।
गुलाबसिंह भाटी ने कहा कि ओसियां कस्बा नगरपालिका के सभी मापदण्ड पूर्ण करता है, लेकिन नगरपालिका नहीं बन रहा है। यहां नगरपालिका की अहम जरूरत है एवं परम्परागत जलस्रोतों का जीर्णोद्धार होना चाहिए। बैठक में किसानों की समस्याओं का समाधान करने, रेलवे लाइन पर ओवरब्रिज बनाने, अस्पताल में सुविधाएं बढ़ाने, सरकारी स्कूलों के शैक्षिक ढांचे में सुधार करने, गल्र्स कॉलेज खोलने जैसे मुद्दों को भी प्रमुखता से रखा गया। मोतीराम हुडïïï्डा ने कहा कि सरकार किसानों के लिए ऐसी पॉलिसी लागू करे कि किसान अपनी उपज का समर्थन एवं लागत का मूल्य खुद तय करें। गिरदावरी भी ऑनलाइन की जानी चाहिए। राजू शर्मा ने कहा कि सरकार चाहे तो ओसियां में जैसलमेर के सम की तर्ज पर पर्यटन को विकसित किया जा सकता है। अब जो भी सरकार निर्वाचित हो, ओसियां में पर्यटन विकास की संभावनाओं को और अधिक बढ़ाना चाहिए।
रघुवीरसिंह राठौड़ ने कहा कि ओसियां में रीको औद्योगिक क्षेत्र घोषित करने की जरूरत है। ओमवीर सारण ने कहा कि क्षेत्र में मीठे पानी की पाइप लाइन तो बिछा दी, लेकिन पानी नहीं मिल रहा है। क्षेत्र के हर गांव-ढाणी तक मीठे पानी की आपूर्ति सुनिश्चित होनी चाहिए। विक्रमसिंह चौधरी ने कहा कि ओसियां के सौन्दर्यकरण के लिए विशेष बजट मिलना चाहिए। मेघाराम सोऊ ने कहा कि सरकार मन्दिरों एवं पर्यटन क्षेत्र की तरफ ध्यान दे तो ओसियां सोने की नगरी बन सकता है। मूलाराम जाखड़ ने सरकारी स्कूलों की दशा सुधारने के लिए स्कूलों में सीसीटीवी लगाने की जरूरत बताई।
बैठक मेंं पूर्व सरपंच भगवानदास राठी, सांगीदान पालीवाल, पदमसिंह ओसियां, कैलाश माली, जेठाराम चौधरी, भैरूसिंह मेवाड़ा, बीरबलराम भाकर, हरिनारायणसिंह राठौड़, धनराज धतरवाल, ओमनारायण मिश्रा व अमरसिंह भाटी आदि ने भी विचार रखे। सभी ने जनता की ओर से तैयार जन एजेंडा के बिन्दुओं पर चर्चा की और यह जन एजेंडा घोषणा पत्र में शामिल करने के लिए राजनीतिक दलों को सौंपने का निर्णय किया। सभी ने अभियान के तहत वोट संकल्प किया और कहा कि क्षेत्र में अधिक से अधिक मतदान कराने के लिए आमजन को जागरूक करेंगे। कार्यक्रम में स्वरूपसिंह बांरा , जितेन्द्रसिंह चौहान, महेश सोनी, अर्जुनसिंह राठौड़, मोतीराम धतरवाल, पप्पूराम बैन्दा, मुकुल पालीवाल, श्यामलाल हुड्डा, अशोक सिरमण्डी, सुरेन्द्र विश्नोई, कैलाश सियोल, महेन्द्र चौधरी एवं कालुराम सियोल आदि मौजूद रहे।
Published on:
21 Nov 2018 11:11 pm
