
बीमारी की बाध्यता हटाई तो पहले दिन साढ़े नौ हजार से ज्यादा 45 प्लस ने लगाए टीके
जोधपुर. अब ४५ प्लस आयुवर्ग को कोविड वैक्सीन लगाने के लिए गंभीर असाध्य रोगी होना जरूरी नहीं है। इस छूट के बाद पहले दिन जोधपुर जिले के १५९ साइट्स पर ४५ प्लस आयुवर्ग के ९ हजार ७ सौ ६६ जनों ने कोविड वैक्सीन लगवाई। इस छूट को लेकर गुरुवार को वैक्सीनेशन साइट्स पर सुबह से इस आयुवर्ग लोगों का जमावड़ा लग गया। सभी का उत्साह देखते बना। जबकि इतने दिन ४५ प्लस आयुवर्ग के १ हजार जने भी बामुश्किल से टीकाकरण करवाने पहुंच रहे थे।
आरसीएचओ डॉ. कौशल दवे ने बताया कि ४५ प्लस में सैकंड डोज लेने वालों की संख्या १५० रही। ६० से अधिक आयु के ३११३ ने प्रथम, १०९५ ने द्वितीय डोज लगाई। कुल प्रथम डोज लेने वालों की संख्या १३००५ रहीं। सैकंड डोज १४३३ ने लगाई। हैल्थ वर्कर्स में प्रथम डोज ८३, द्वितीय डोज ९७, फं्रटलाइन वर्कर्स प्रथम डोज ४०, द्वितीय डोज ९१ ने लगाई। सीएमएचओ डॉ. बलवंत मंडा ने बताया कि जिला कलक्टर इंद्रजीतसिंह के निर्देशन में समस्त उपखंड अधिकारी, तहसीलदार, विकास अधिकारी, खंडा मुख्य चिकित्सा अधिकारियों ने वैक्सीन लगवाने वाले लाभार्थियों से चर्चा कर उन्हें अपने क्षेत्र में लोगों को जागरूक करने के लिए प्रेरित किया।
हाईकोर्ट में न्यायाधीशों ने भी लगवाए कोविड के टीके
हाईकोर्ट के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर न्यायाधीशों ने भी कोविड-१९ का वैक्सीनेशन करवाया। यहां वैक्सीनेशन न्यायाधीश एमके गर्ग, न्यायाधीश पुष्पेन्द्र भाटी, न्यायाधीश अरुण भंसाली, न्यायाधीश दिनेश मेहता, न्यायाधीश संदीप मेहता व न्यायाधीश विनीत माथुर ने कोविड वैक्सीनेशन करवाया।
भोपालगढ़ ब्लॉक ने करवाया सर्वाधिक वैक्सीनेशन
भोपालगढ़ ब्लॉक में कुल २७ कोविड वैक्सीनेशन सेंटर बनाए गए थे। जिस पर ३८९३ लाभार्थियों ने पहुंच सर्वाधिक टीकाकरण करवा रिकॉर्ड तोड़ा। बीसीएमओ डॉ. दिलीप चौधरी ने बताया कि भोपालगढ़ एसडीएम, व पीपाड़ एसडीएम के निर्देशन में टीम ने निर्धारित रणनीति के तहत अधिक से अधिक लाभार्थियों का मोबिलाइजेशन करते हुए टीकाकरण के लिए प्रेरित किया गया।
Published on:
02 Apr 2021 07:42 pm
