
थार के तीनों शहरों का पारा 10 डिग्री पार
जोधपुर. मारवाड़ में रविवार को दिन व रात के तापमान में बढ़ोतरी के साथ रात में तेज सर्दी और दिन में कुछ राहत रही, हालांकि बादलों की आवाजाही के कारण मौसम में ठंडक घुली रही। जोधपुर, बाड़मेर और जैसलमेर तीनों ही शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री और दिन का 25 डिग्री को पार कर गया। बाड़मेर में तो दिन में तापमान तीस डिग्री को छूने लग गया। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को भी हल्के बादल रहेंगे। इस सप्ताह तेज सर्दी पडऩे के आसार नहीं है।
सूर्यनगरी में रविवार को न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री रहा जो कल से ढाई डिग्री अधिक था। तापमान में बढ़त के कारण कड़ाके की सर्दी से शहरवासियों को राहत मिली। पश्चिमी विक्षोभ के असर से शहर में सुबह से ही बादलों की रेलमपेल लगी हुई थी, जिसके कारण धूप पूरी तरीके से नहीं खिली। सूरज व बादलों की आंख-मिचौनी के कारण दिन में वातावरण में ठंडक घुली रही। दोपहर में तापमान 26.4 डिग्री पर पहुंचा। जिले के ग्रामीण हिस्सों में भी ऐसा ही मौसम रहा। फलोदी में न्यूनतम तापमान 7.6 व अधिकतम 25.6 डिग्री मापा गया।
जैसलमेर में रात का तापमान 10.1 और दिन का 25.5 डिग्री रहा। बाड़मेर में न्यूनतम तापमान 11.7 व अधिकतम 28.5 डिग्री तक पहुंच गया। माउंट आबू में रात का पारा -1.5 और दिन का 20 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
Published on:
20 Dec 2020 07:25 pm
