
जोधपुर. प्रतापनगर में बिजलीघर के पीछे सेक्टर जे स्थित सूने मकान के ताले तोड़कर चोरों ने लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवर व अस्सी हजार रुपए चुरा लिए।
प्रतापनगर थाना पुलिस के अनुसार सेक्टर जे निवासी चन्द्रप्रकाश पुत्र हरिकिशन लढ्ढा गत 11 दिसम्बर को परिवार सहित चाचा की शादी में शामिल होने गए थे। वह दूसरे दिन गुरुवार को घर लौटे तो ताले टूटे हुए थे। अंदर अलमारियों के ताले भी टूटे पड़े थे। चोरों ने अलमारी व लॉकर का ताला तोड़कर सोने के दो जोड़ी झुमके, सोने का लॉकेट, सोने की कानों की दो जोड़ी, सोने की अंगूठी, सोने की नथ, सोने की चेन, सोने का मांग का टीका और चांदी के अनेक आभूषण व चांदी के बर्तन चुरा लिए। वहीं, अस्सी हजार रुपए भी गायब थे। मार्केटिंग का काम करने वाले चन्द्रप्रकाश ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस वहां आई और जांच की। चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है।
Published on:
14 Dec 2019 01:33 am
