
परीक्षा लेकर परिणाम जारी करना भूला विवि!
जोधपुर. जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय ने परीक्षा लेने के साढे चार महीने बाद भी मास्टर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्टे्रशन (फाइनेंस सर्विसेज) चतुर्थ सेमेस्टर का परिणाम जारी नहीं किया, जबकि विवि को केवल 60 विद्यार्थियों को ही परिणाम घोषित करना था। छात्र-छात्राओं का कहना है कि दरअसल विवि बीच में भूल गया था कि उसने एमबीए की परीक्षाएं आयोजित की थी। याद आने पर लिखित परीक्षा के दो महीने बाद विद्यार्थियों से प्रोजेक्ट रिपोर्ट मांगी गई थी। परिणाम का अब भी इंतजार है।
एमबीए की परीक्षाएं 18 सितम्बर से शुरू हुई थी जो 29 सितम्बर तक आयोजित की गई। छात्र-छात्राओं का कई जगह प्लेसमेंट हो चुका है लेकिन अंतिम वर्ष की अंकतालिका के बगैर उन्हें नियुक्ति पत्र नहीं मिलता है। छात्र-छात्राएं आए दिन विवि परीक्षा शाखा जाते हैं लेकिन उनके केवल आश्वासन दिया जाता है। एमबीए की डिग्री दो साल की होती है, लेकिन डिग्री हाथ में आने से पहले ही अब तक करीब पौने तीन साल हो चुके हैं।
कोविड में 3-4 ने परीक्षा नहीं दी, भुगत रहे सारे
विवि सूत्रों के मुताबिक एमबीए के बैच के तीन-चार छात्र कोविड-19 का हवाला देते हुए सितम्बर में हुई परीक्षा में नहीं बैठे। विवि कोविड विशेष परीक्षाओं का आयोजन 17 फरवरी से कर रहा है। ये छात्र इन परीक्षाओं में बैठेंगे। विवि प्रशासन इसलिए भी परिणाम जारी नहंी कर रहा है कि उसे बाद में कोविड विशेष की परीक्षा देने वाले तीन चार विद्यार्थियों का अलग से परिणाम निकालना पड़ेगा। सबका साथ में परिणाम जारी करने की सोच ने एमबीए के समस्त विद्यार्थियों को परेशानी में डाल रखा है।
..............................
‘मैंने एमबीए विभाग से पता करवाया था। वहां कुछ छात्रों का वायवा शेष है। जैसे ही विभाग से हमारे पास अंक आएंगे, तुरंत परिणाम जारी हो जाएगा।’
प्रो केआर गेनवा, परीक्षा नियंत्रक, जेएनवीयू
Published on:
14 Feb 2021 05:37 pm
