
शौचालय की खिड़की काट बैंक में घुसे चोर, तिजोरी तोडऩे का प्रयास
जोधपुर.
जिले के बिलाड़ा थानान्तर्गत खेजड़ला गांव के राजस्थान मरूधरा ग्रामीण बैंक (आरएमजीबी) में शौचालय की खिड़की काटकर सेंध लगाई और तिजोरी तोडऩे का प्रयास किया। काफी प्रयास के बाद भी तिजोरी नहीं टूट सकी तो चोर बैरंग लौट गए।
बैंक प्रबंधन ने बताया कि खेजड़ला गांव में आरएमजीबी की शाखा है, जहां सोमवार तड़के तीन बजे चोरों ने सेंध लगा दी। शौचालय की लकड़ी की खिड़की काटकर चोर अंदर घुसे। फिर दरवाजा तोड़कर बैंक तक पहुंचे। चोरों ने बैंक के एक कमरे के दरवाजे का हैण्डल काट दिया। जिससे वे चेस्ट रूम में जा पहुंचे। वहां तिजोरी और उसमें लाखों रुपए रखे थे। चोरों ने तिजोरी का दरवाजा खोलने का भरसक प्रयास किया। काफी देर कोशिश के बावजूद वे तिजोरी नहीं तोड़ पाए। तब चोर वहां से खिसक गए।
बैंक कर्मचारी सोमवार सुबह दस बजे बैंक पहुंचे तो चोरों की हिमाकत का पता लगा। बैंक अधिकारी और उच्चाधिकारी को अवगत कराया गया। पुलिस भी घटनास्थल पहुंची। सीसीटीवी फुटेज में चोरों की हरकत कैद हुई है। जिसके आधार पर तलाश के प्रयास किए जा रहे हैं।
Published on:
05 Oct 2021 01:06 am
