
ऑटो चालक की हत्या की यह वजह आई सामने, एक आरोपी गिरफ्तार
जोधपुर. लूणी थाना क्षेत्र में सोमवार रात ऑटो चालक की हुई हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में डांगियावास थानान्तर्गत बिरामी निवासी भवानीसिंह को गिरफ्तार किया है। घटना में प्रयुक्त कार भी बरामद की गई है। दो अन्य आरोपियाें मलखानसिंह व रमेश भील की तलाश जारी है। पुलिस ने 24 घंटे में मामले का पर्दाफाश कर दिया। इसके लिए सीसीटीवी कैमरों, विभिन्न साक्ष्यों की मदद ली गई। स्पेशल टीम के अलावा 4 थानों की पुलिस ने एक साथ मिलकर काम किया।
गौरतलब है कि सोमवार रात को ऑटो चालक हरीश लोहार (22) की लुटेरों ने पीछा करते हुए पत्थर मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस के अनुसार महाराष्ट्र निवासी यात्री सुनील गुप्ता को सजाड़ा धाम जाना था। उसने भगत की कोठी स्टेशन से रात को हरीश का ऑटो किराए पर लिया था। हरीश उसे लेकर रवाना हुआ। खेजड़ली के बाद वह गलती से बिरामी धाम में घुस गया, जहां कुछ लोग उसे मिले तो उसने सजाड़ा का रास्ता पूछा।
इसके बाद एक काली कार और एक बाइक सवार 2 व्यक्ति ऑटो के पीछे लग गए। वे हरीश को ऑटो रोकने का बोल रहे थे। इस दौरान कार में सवार लोगों ने एक पत्थर फेंका जो हरीश के सिर पर लगा। इससे ऑटो का संतुलन बिगड़ गया और ऑटो सडक़ से नीचे उतर पेड़ से टकरा गया। उसके बाद बदमाशों ने हरीश को पत्थरों से मारा, जिसके बाद वह खुद अंधेरे में भागा और नजदीक होटल पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। हरीश ने ऑटो ड्राइव करने के दौरान अपने भाई को भी कॉल करके हमला होने की सूचना दी थी। घायल हरीश को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया।
Published on:
21 Feb 2024, 6:13 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.