
फायरिंग करने के आरोपियों को रिमांड पर भेजा
जोधपुर.
लेन-देन के विवाद में जनता कॉलोनी स्थित बहनोई के मकान पर हमला व गोलियां चलाने के मामले में चारों आरोपियों को रविवार को रिमांड पर भेज दिया गया। वहीं, गिरफ्त में आने के बाद एक आरोपी ने मकान मालिक व उसके मित्र पर हत्या के प्रयास का परस्पर विरोधी मामला दर्ज कराया। यह दोनों वारदात के बाद से भूमिगत हैं।
थानाधिकारी मुक्ता पारीक के अनुसार प्रकरण में गिरफ्तार कांकेलाव में सरनाडा की ढाणी निवासी दिनेश बाबल, सुनील, हनुमानराम व भुटाराम बाबल को मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया, जहां से चारों को दो-दो दिन के रिमांड पर भेजने के आदेश दिए गए। आरोपियों से एक पिस्तौल, मैग्जीन व एक जिंदा कारतूस जब्त किया गया था। पुलिस को उम्मीद है कि इन आरोपियों से और हथियार बरामद हो सकते हैं। एसआई सलीम मोहम्मद आरोपियों से पूछताछ कर रहे हैं। अन्य आरोपी अभी तक पकड़ में नहीं आए हैं।
उधर, गिरफ्त में आए आरोपी भुटाराम ने जनता कॉलोनी निवासी रमेश बिश्नोई व उसके मित्र जोलियाली निवासी भुटाराम बेनीवाल के खिलाफ फायरिंग करके जानलेवा हमले का परस्पर विरोधी मामला दर्ज कराया। गिरफ्तार आरोपियों ने रमेश के मकान पर हमला कर फायरिंग की थी। जवाब में रमेश ने भी गोलियां चलाईं थी और बोलेरो कैम्पर जला दी थी। गत शुक्रवार मध्यरात्रि वारदात के बाद से दोनों गायब हैं। रमेश की पत्नी लक्ष्मी ने एफआइआर दर्ज कराई थी।
Updated on:
01 Mar 2020 11:55 pm
Published on:
01 Mar 2020 11:55 pm
