
तीन साल से फरार तीन हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार
जोधपुर.
प्रतापनगर थाना पुलिस ने दो गैंग के बीच आपसी रंजिश में अपहरण करने के बाद एक युवक की हत्या कर वीडियो वायरल करने के बहुचर्चित मामले में तीन साल से फरार तीन हजार रुपए के इनामी आरोपी को मंगलवार को गिरफ्तार किया। इस मामले में दो आरोपी अभी तक हाथ नहीं आए हैं।
थानाधिकारी सोमकरण ने बताया कि 20 फरवरी 2018 को बाड़मेर में चौहटन तहसील के लीलसर गांव निवासी हरीश चौधरी का पाल लिंक रोड से अपहरण कर लिया गया था। उसे बाड़मेर जिले में कवास ले जाने के बाद नग्न कर मारपीट कर हत्या कर दी थी। आरोपियों ने हत्या का वीडियो भी बनाया था। जो सोशल मीडिया में वायरल हुआ था। मृतक के साथी उमेश बेनीवाल ने हत्या का मामला दर्ज कराया था। इस मामले में मूलत: सोयला हाल बालसमन्द में नया बास निवासी सुनील खदाव फरार था। उस पर तीन हजार रुपए का इनाम था। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर सुनील खदाव (28) पुत्र नारायणराम जाट को गिरफ्तार किया गया। इस मामले में अब तक घेवरराम जाट, दारासिंह उर्फ दारिया जाट, अरूण हुड्डा, वीरेन्द्र उर्फ वीरिया जाट, जेठाराम नैण व आकाश बिश्नोई को गिरफ्तार किया जा चुका है। जबकि पाबूराम गोरछिया व भगाराम कूकणा फरार हैं।
Published on:
23 Jun 2021 01:15 am
