
जोधपुर में आज युवाओं को नहीं लगेगा टीका
जोधपुर. शहर में 18 से 44 वर्ष की आयु तक के व्यक्तियों का शुक्रवार को टीकाकरण नहीं होगा। टीके खत्म होने की वजह से गुरुवार को एक भी केंद्र में स्लॉट का आवंटन नहीं किया गया। शुक्रवार को टीके लेने के लिए चिकित्सा विभाग की गाड़ी जयपुर जाएगी। ऐसे में शनिवार को फिर से टीकाकरण शुरू किया जा सकेगा। टीके की उपलब्धता के आधार पर शुक्रवार शाम को हमेशा की तरह 6 बजे स्लॉट का आवंटन किया जाएगा।
उधर 45 वर्ष से अधिक आयु वाले व्यक्तियों के लिए दो दर्जन से अधिक साइट्स पर टीकाकरण किया जाएगा। इस श्रेणी के लोग अपने साथ आधार कार्ड ले जाकर सीधे ही टीकाकरण केंद्र पर टीका लगा सकते हैं। टीकाकरण केंद्र पर टीके की उपलब्धता के आधार पर हर रोज टोकन देने की व्यवस्था शुरू की है हालांकि इसके बावजूद लोगों को लंबी-लंबी कतारों में खड़े रहना पड़ रहा है।
गुरुवार को जिले में 5613 व्यक्तियों को टीका लगाया गया। इसमें से 4213 को प्रथम डोज और 1403 को द्वितीय डोज लगाई गई। कुल मिलाकर 47 साइट्स पर टीकाकरण हुआ। इसमें से 18 से 44 वर्ष के व्यक्तियों को 1691 डोज लगी।
Published on:
13 May 2021 08:53 pm
