
बालिका को झाडिय़ों में ले गया, चिल्लाने पर युवकों ने टोका तो छोड़कर भागा
जोधपुर.
जिले में एक अज्ञात व्यक्ति दो बहनों के साथ पैदल रिश्तेदार के घर जा रही छह वर्षीय बालिका को अपहरण कर झाडिय़ों में ले गया। बालिका के चिल्लाने पर दो युवकों ने टोका तो वह बालिका को छोड़कर भाग गया। अपहरण, छेड़छाड़ व पोक्सो की धाराओं में मामला दर्ज कर पुलिस सीसीटीवी फुटेज से अज्ञात व्यक्ति की तलाश के प्रयास कर रही है।
पुलिस के अनुसार तीन मासूम बहनें अपने रिश्तेदार के यहां जाने के लिए शनिवार दोपहर एक बजे घर से निकली थी। रास्ते में बस स्टैण्ड की तरफ से एक अनजान व्यक्ति आया। उसने तीनों बच्चियों से पूछा कि वो कहां जा रही हैं। इस पर सबसे बड़ी छह वर्षीय बालिका ने दादी के पास खेत जाने की जानकारी दी। तब उस व्यक्ति ने कहा कि वह भी खेत जा रहा है। ऐसे वह उसे भी खेत छोड़ देगा। इतना कहकर उस व्यक्ति ने चार व तीन वर्षीय दो बहनों को घर भेज दिया। फिर वह हाथ पकड़कर छह वर्षीय बालिका को अपने साथ लेकर रवाना हो गया। वह दो किमी दूर झाडिय़ों में ले गया, जहां बच्ची रोने लग गई। इतने में मोटरसाइकिल सवार दो भाई उधर से निकलने लगे। उन्होंने बच्ची के रोने व चिल्लाने की आवाज सुनी। उन्होंने टोका तो अनजान व्यक्ति झाडिय़ों से बाहर आया और बच्ची को खुद की भतीजी बताकर वहां से भाग गया।
दोनों भाइयों ने बच्ची से घर का पता पूछा और उसे परिजन को सुपुर्द किया। परिजन ने बच्ची के कोई चोट आने की जानकारी से इनकार किया। वारदात के दूसरे दिन पिता व अन्य परिजन बच्ची को लेकर थाने पहुंचे और मामला दर्ज कराया। पुलिस ने कस्बे के सीसीटीवी फुटेज चेक किए तो एक संदिग्ध व्यक्ति नजर आया है। जिसके आधार पर तलाश की जा रही है।
Published on:
13 Oct 2021 01:11 am
