
स्मैक बेचने की फिराक में दो गिरफ्तार
जोधपुर.
बासनी थाना पुलिस ने थाने के पास और औद्योगिक क्षेत्र की गली-6 में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार कर 16 ग्राम स्मैक जब्त की। आरोपियों को स्मैक की आपूर्ति करने वाले व्यक्ति की तलाश की जा रही है।
थानाधिकारी देवेन्द्रसिंह के अनुसार थाने के पास ही टायर शोरूम के सामने एक व्यक्ति के स्मैक बेचने की सूचना मिलने पर वहां दबिश दी गई। पुलिस को देख भाग रहे झंवर थानान्तर्गत धवा गांव निवासी कालूराम (35) पुत्र जयरूपराम देवासी को हिरासत में लिया गया। तलाशी लेने पर उससे नौ ग्राम स्मैक जब्त की गई। एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कालूराम को गिरफ्तार कर लिया गया। इससे मिली सूचना के आधार पर उप निरीक्षक भंवरसिंह ने गली-6 में दबिश देकर स्मैक बेचने का प्रयास कर रहे बुझावड़ निवासी रेंवतराम पुत्र बद्रीराम दर्जी को गिरफ्तार कर सात ग्राम स्मैक जब्त की। दोनों मामलों की जांच शास्त्रीनगर थानाधिकारी को सौंपी गई। आरोपियों को शुक्रवार को अदालत में पेश करने पर रिमांड पर भेज दिया गया। उप निरीक्षक भंवरसिंह का कहना है कि आरोपी रेंवतराम चौहटन निवासी सवाईसिंह से स्मैक खरीदकर लाया था और फिर फैक्ट्री व अन्य श्रमिकों को बेचने की फिराक में था।
Published on:
14 Mar 2020 12:59 am
