
अत्याधुनिक कोरोना जांच मशीन पहुंचीं जोधपुर, एक दिन में ढाई से तीन हजार जांच करने की है क्षमता
जोधपुर. सूर्यनगरी में कोरोना की जांच में गति लाने के लिए सरकार ने डॉ संपूर्णानंद मेडिकल कॉलेज के लिए अत्याधुनिक बायोमैक्स एक दिन में 3 हजार से अधिक नमूनों की जांच करेगी। कई दिनों के लंबे इंतजार के बाद में आखिरकार सोमवार शाम को यह मशीन मेडिकल कॉलेज पहुंच गई। मशीन के इंस्टॉलेशन की प्रक्रिया पूर्ण करने के बाद मशीन से कोरोना की जांच हो सकेगी। इस मशीन की खासियत यह है कि इसमें कई सिस्टम ऑटोमेटिक है। इसमें कम से कम मैन्यूल की जरूरत पड़ेगी।
पिछले कई दिनों से मशीन चेन्नई के एयरपोर्ट पर लॉक डाउन के चलते अटकी हुई थी। आखिर सरकार के प्रयास से यह मशीन एयर कार्गो से दिल्ली लाई गई और दिल्ली से अब सड़क मार्ग से इसे जोधपुर पहुंचाई गई। इस तरह की मशीन कोटा में भी लगेगी। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ जीएल मीणा के अनुसार मशीन के आने से हमारी जांच क्षमता में इजाफ ा होगा। तेजी से जांच रिपोर्ट भी उपलब्ध होगी।
जोधपुर में वर्तमान में एक हजार के करीब नमूने लिए जा रहे हैं इसके अलावा जालोर जिले के नमूने भी जांच के लिए यहां भेजे जाते हैं। मेडिकल कॉलेज की क्षमता कम होने से नमूने जांच के लिए डीएमआरसी व एम्स भी भेजे जाते हैं। नई मशीन आने से जोधपुर शहर की स्वास्थ्य विभाग द्वारा करवाई जा रही सैंपलिंग की जांच अब मेडिकल कॉलेज में ही हो सकेगी।
उल्लेखनीय है कि जोधपुर में कोरोना संक्रमण से अब तक 886 से लोग चपेट में आ चुके हैं। इनमें 17 की मौत भी हो चुकी है। शहर में हॉट स्पॉट व अन्य क्षेत्रों से लगातार जांच के लिए नमूने लिए जा रहे है। हाल ही में नमूनों के लंबित होने पर जांच के लिए दिल्ली भेजने पडे है। जोधपुर में अब तक 27000 से अधिक नमूने लिए जा चुके है।
Published on:
12 May 2020 01:36 pm
