
प्रदेश के सबसे बड़े ऑक्सीजन प्लांट का वर्चुअल उद्घाटन
जोधपुर. पूरे देश में ऑक्सीजन को लेकर मचे हाहाकार को लेकर जोधपुर ब्रेथ बैंक के संचालक मंडल ने सबसे बड़ा ऑक्सीजन प्लांट महात्मा गांधी अस्पताल में लगाने का संकल्प लिया। जिसकी मशीनरी 20 दिन में आ गई। रविवार को इसका उदघाटन किया।
जोधपुर ब्रेथ बैंक से जुड़े निर्मल गहलोत ने बताया कि यह प्लांट महात्मा गांधी अस्पताल में लग चुका है और इसका वर्चुअल उदघाटन सोशल मीडिया पर दिखाया। इस कार्यक्रम में संत रामप्रसाद महाराज के पावन सानिध्य में मुख्य अतिथि केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री गजेन्द्रसिंह शेखावत, अध्यक्षता राजस्थान मानवाधिकार आयोग अध्यक्ष जस्टिस गोपालकृष्ण व्यास व विशिष्ट अतिथि संभागीय आयुक्त डॉ राजेश शर्मा एवं जिला कलेक्टर डॉ इंद्रजीत सिंह होंगे। इस प्लांट का उदघाटन कोविड मृतकों के अंतिम संस्कार में सेवाएं देने वाले मुकेश गोदावत के करकमलो से किया।
रिकॉर्ड समय में लगा प्लांट
निर्मल गहलोत ने बताया कि 2 मई को ब्रेथ बैंक से जुड़े भामाशाहों ने जोधपुर कलक्टर इंद्रजीत सिंह से मुलाक़ात कर उनसे ऑक्सीजन प्लांट लगाने की अनुमति मांगी। महज 20 दिनों के भीतर इस प्लांट को जोधपुर मंगवा कर स्थापित कर लिया गया। 50 क्यूबिक मीटर प्रति घंटा क्षमता वाले जर्मन तकनीक के इस प्लांट से जोधपुर में बडी मात्रा में ऑक्सीजन उत्पादित की जा सकेगी। यह ऑक्सीजन प्लांट 800 लीटर प्रति मिनट की दर से ऑक्सीजन उत्सर्जित करेगा।
ये होगा बदलाव
इस प्लांट से उखड़ती सांसों को नया जीवन मिलेगा। इससे सरकारी महात्मा गांधी अस्पताल में 200 नए ऑक्सीजन बैड स्थापित हो पाएंगे। ब्रेथ बैंक से जुड़े भामाशाह विष्णु गोयल, श्रीपाल लोढ़ा, सुरेश गांधी, हरीश अग्रवाल, बलवीर जैन, अशोक पंवार ने योगदान दिया है। इस कार्य के लिए जेडीए सचिव हरभान मीणा, एमजीएच प्रभरी डॉ. राजश्री बेहरा का आभार जताया।
Published on:
23 May 2021 12:07 pm
