
मतदाताओं को जागरूक करने को निकालेंगे वोट बारात
जोधपुर.
आगामी लोकसभा चुनाव में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए निर्वाचन विभाग 25 फरवरी से 3 मार्च तक
‘महोत्सव- मत का अधिकार’ जागरुकता कार्यक्रम आयोजित करेगा। इस सप्ताह के तहत जिला मुख्यालय से लेकर मतदान केंद्रों तक दिलचस्प गतिविधियां और कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी प्रकाश राजपुरोहित ने बताया कि लोकसभा चुनाव में बेहतर मतदान प्रतिशत के लिए यह नवाचार किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य 2 और 3 मार्च को मतदान केंद्रों पर आयोजित शिविरों में ज्यादा से ज्यादा युवाओं को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और पूर्व में पंजीकृत मतदाताओं को अपनी जानकारी जांचने के लिए प्रेरित करना है।
सात दिन सभी वर्गों के लिए खास एक्टीविटी
पहले दिन : संकल्प पत्र के साथ मानव शृंखला बनाकर एसएमएस सर्विस, वोटर हेल्प लाइन नंबर 1950 और एनवीएसपी पोर्टल और वेबसाइट के बारे में ‘नाम चैक किया क्या’ स्लोगन के साथ सभी समूहों के लिए जागरूकता संबंधी कार्यक्रम करवाए जाएंगे।
दूसरे दिन : दीपदान के साथ शहरी मतदाताओं के लिए कार्यक्रम।
तीसरे दिन : ग्रामीण क्षेत्रों में ‘वोट बारात’ निकाली जाएगी। साथ ही ‘गांव-गांव, ढाणी-ढाणी वोटर बनने की ठानी’ स्लोगन के साथ कार्यक्रम करवाए जाएंगे।
चौथे दिन : संकल्प पत्र के साथ महिला मार्च और वोटर हेल्प लाइन 1950 से जुड़ी गतिविधियां ‘नारी का सम्मान-वोटर लिस्ट में नाम’ स्लोगन के साथ खासकर महिलाओं के लिए कार्यक्रम।
पांचवें दिन : पुरुषों को केंद्रित करते हुए साइकिल रैली, एसएमएस सर्विस संबंधी गतिविधियां ‘जिम्मेदारी दिखाएंगे वोटर लिस्ट में नाम लिखवाएंगे’ स्लोगन के साथ कार्यक्रम।
छठे दिन : दिव्यांगों को निर्वाचन प्रक्रिया से जोडऩे के लिए ट्रायसाइकिल रैली आयोजित करवाई जाएगी। ‘अधिकार का प्रयोग करना है-वोटर लिस्ट में नाम लिखवाना है’ के स्लोगन के साथ गतिविधियां होगी।
सप्ताह के आखिरी दिन : युवाओं को जोडऩे के लिए संकल्प पत्र के साथ मैराथन का आयोजन किया जाएगा। युवाओं के लिए ‘18 के हो गए हम-वोटर लिस्ट में नाम लिखवाएंगे हम’ स्लोगन के साथ एनवीएसपी पोर्टल, वेबसाइट और राज इलेक्शन एप से जुड़ी जानकारियों को विभिन्न गतिविधियों से दिखाया जाएगा।
‘राज इलेक्शन एप’ पर वोटर लिस्ट
मतदाता मोबाइल एप ‘राज इलेक्शन एप’ पर मतदाता सूची में अपनी, मतदान केंद्र की जानकारी देख सकते हैं। इसके अलावा 1 मार्च तक जिले के सभी मतदान केंद्रों पर मतदाता सूची दिखाई जा रही हैं। मतदाता एसएमएस के जरिए भी मतदाता सूची में अपने नाम व अन्य जानकारी देख सकते हैं
Published on:
24 Feb 2019 09:10 pm
