
jodhpur news, water ignp paond, hindi news
जलदाय विभाग क्लोजर से निपटने के लिए रात दिन लगा हुआ है। इसके लिए इन्दिरा गांधी नहर में बनाए गए पानी के पोंड की निगरानी के लिए अभियंताओं की फौज लगा दी गई है ताकि पानी चोरी नहीं हो।
इन दिनों में इन्दिरा गांधी नहर में क्लोजर चल रहा है। जो पहले 27 मार्च से 16 अप्रेल तक था। इसे बढ़ाकर अब 20 अप्रेल कर दिया है। जोधपुर के लिए पानी की समस्या खड़ी नहीं हो इसलिए पोंडिंग पर विशेष नजर रखी जा रही है। इसके लिए जलदाय विभाग और सिंचाई विभाग के पास पुलिस का भी पहरा है।
मिला अतिरिक्त पानी
जलदाय विभाग के अतिरिक्त मुख्य अभियंता जय सिंह चौधरी ने बताया कि इन्दिरा गांधी में आरटी 961 और 1121 के बीच में कई जगहों पर जोधपुर में सप्लाई के लिए पानी की पोंडिंग की हुई है। चौधरी ने बताया कि जोधपुर में जलापूर्ति की समस्या पैदा नहंी हो इसलिए इन आरडी पर बने पोंड में इन्दिरा गांधी नहर(आईजीएनपी) प्रशासन की ओर अतिरिक्त पानी छोड़ा गया है। इन पोंडिंग से जोधपुर में चार-पांच दिन तक पानी की सप्लाई हो जाएगी। इसके बाद करीब दस दिन तक सप्लाई के लिए कायलाना और तखतसागर में पानी जमा किया हुआ है।
इसलिए बढ़ी क्लोजर की तारीख
पंजाब सरकार की ओर से इन दिनों इन्दिरा गांधी नहर की मशीनरी और हरिके बैराज बांध की मैंटेनेंस का काम चल रहा है। आईजीएनपी का पानी राजस्थान को भी मिल रहा है। इसलिए मैंटेनेंस के लिए राज्य सरकार की ओर से पंजाब सरकार को करीब 35 करोड़ रुपए दिए गए हैं। अभी तक नहर में 45 फीसदी मैंटनेंस का काम पूरा हुआ है। राज्य सरकार के बजट का समुचित उपयोग हो इसलिए क्लोजर अवधि आगे बढ़ाई गई है। कार्य स्थल पर राज्य सरकार के सिंचाई मंत्री भी मौजूद रहते हैं ताकि समय पर इसे पूरा किया जा सके।
इसलिए लगाया पानी पर पहरा
जोधपुर के लिए पानी जमा करने के लिए बनें पोंड से पानी पार नहीं हो, इसलिए नहर पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसके अलावा जलदाय विभाग और सिंचाई विभाग के अभियंता २४ घंटे रोटेशन से नहरी पानी पर नजर रखे हुए हैं। पुलिस भी तैनात की हुई है। साथ ही ऐसी व्यवस्था की हुई है कि पानी चोरी की घटना होते ही अभियंताओं के मोबाइल पर अलर्ट मैसेज आ जाता है।
Published on:
14 Apr 2017 07:05 pm

बड़ी खबरें
View Allट्रेंडिंग
