
झांसी में स्वतंत्र देव सिंह का महोबा विवाद पर पलटवार | Image - X/@swatantrabjp
UP Jal Shakti Minister Mahoba Row: उत्तर प्रदेश के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने महोबा में हुए विवाद को लेकर झांसी में मीडिया से बातचीत के दौरान साफ कहा कि उन्हें किसी ने बंधक नहीं बनाया।
उन्होंने कहा, “मैं मंत्री हूं और बृजभूषण राजपूत भाजपा विधायक हैं। अगर उन्हें मुझसे मिलना था तो डीएम कार्यालय या सर्किट हाउस आ सकते थे, वहां बैठकर भी अच्छे से बातचीत हो जाती।” मंत्री ने बंधक बनाए जाने के आरोपों को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा कि यह मुद्दा बेवजह तूल दिया जा रहा है।
महोबा में शुक्रवार को उस समय माहौल गरमा गया जब चरखारी से भाजपा विधायक बृजभूषण राजपूत ने अपने समर्थकों और ग्राम प्रधानों के साथ जलशक्ति मंत्री के काफिले को रोक लिया। बताया गया कि करीब 50 वाहन, जिनमें 30 कारें और 20 बाइक शामिल थीं, मंत्री के काफिले के सामने खड़ी कर दी गईं। इस दौरान दोनों पक्षों के समर्थकों के बीच तीखी बहस भी हुई, जिससे कुछ देर के लिए हालात तनावपूर्ण हो गए।
विधायक बृजभूषण राजपूत ने मंत्री के सामने अपनी विधानसभा क्षेत्र में नल से जल योजना की खराब स्थिति का मुद्दा उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़कों को खोद दिया गया है लेकिन उनकी मरम्मत नहीं कराई गई। कई जगहों पर पाइप फटे हुए हैं, टंकियों से पानी रिस रहा है और ग्रामीणों को पर्याप्त जल आपूर्ति नहीं मिल पा रही है। विधायक ने कहा कि जिले के 90 प्रतिशत गांवों के लोग उनसे सवाल कर रहे हैं, जिनका जवाब देना उनके लिए मुश्किल हो गया है।
शनिवार को मंत्री स्वतंत्र देव सिंह झांसी दिवस के आयोजन में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान जब समाजवादी पार्टी प्रमुख के तंज को लेकर उनसे सवाल किया गया तो उन्होंने प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “मैं यहां काम करने आया हूं, आप लोग इस मुद्दे पर बार-बार सवाल क्यों कर रहे हैं? ऊपर से फोन आया है क्या?” मंत्री के इस बयान ने सियासी हलकों में चर्चा को और तेज कर दिया।
शनिवार दोपहर करीब दो बजे जलशक्ति मंत्री बबीना विधानसभा क्षेत्र के पारीछा गांव पहुंचे। यहां उन्होंने जल अर्पण अभियान के तहत हर घर जल योजना का शुभारंभ किया। इस योजना के अंतर्गत पारीछा गांव समेत कुल 37 गांवों में नल के माध्यम से जल आपूर्ति की शुरुआत की गई। मंत्री ने ग्रामीणों से नलों की सुरक्षा करने और किसी भी तरह की खराबी से बचाने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि एक समय था जब बुंदेलखंड में ट्रेन से पानी लाना पड़ता था, लेकिन अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार हर घर तक पानी पहुंचाने का काम कर रही है। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि छोटी-छोटी समस्याओं के लिए विधायक और जिलाधिकारी को परेशान न करें, बल्कि गांव स्तर पर आपसी सहयोग और चंदे से समाधान निकालें, ताकि यह योजना लंबे समय तक सफल बनी रहे।
मीडिया से बातचीत में मंत्री ने कहा कि जैसे गांव के प्रधान अपनी समस्याएं लेकर उनके पास आए थे, उसी तरह विधायक भी अपनी बात रखने पहुंचे थे। सड़क पर ही उनसे मुलाकात हुई और वे उनके साथ समस्याग्रस्त इलाकों में भी गए। मंत्री ने दोहराया कि बंधक बनाए जाने जैसी कोई बात नहीं है और यह पूरी तरह गलत प्रचार है।
Published on:
01 Feb 2026 10:04 am

बड़ी खबरें
View Allझांसी
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
