
जहरीले पदार्थ से महिला की मौत, शव छीनकर ले गए लोग
जोधपुर. ससुर की हरकतों से परेशान होकर जहरीला पदार्थ खाकर जान देने वाली महिला के शव को शुक्रवार दोपहर कापरड़ा के पास पीहर पक्ष से जुड़े कुछ लोग छीनकर ले गए। पति की शिकायत पर बिलाड़ा थाना पुलिस पाली जिले में चण्डावल पहुंची और दोनों पक्षों से समझाइश कर रात को शव पति के सुपुर्द करवाया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सुनील के पंवार ने बताया कि नागौर जिले में गोटन की एक महिला ने ससुर के खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज करवा रखा है। वह पति के साथ अलग रहने लग गई थी, लेकिन ससुर की हरकतों से डरी-सहमी महिला ने बुधवार को जहरीला पदार्थ खा लिया था। उसे जोधपुर के मथुरादास माथुर अस्पताल रैफर किया गया था, जहां गुरुवार रात उसकी मृत्यु हो गई थी। पुलिस ने शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव पति को सुपुर्द किया। इस दौरान महिला के पिता व अन्य परिजन भी साथ थे।
सभी एम्बुलेंस में शव लेकर पीपाड़ सिटी के लिए रवाना हुए। कापरड़ा के समीप पीहर पक्ष के कुछ लोग वाहनों में आए और पति व एम्बुलेंस चालक से मारपीट कर शव छीनकर चण्डावल स्थित पीहर ले गए, जहां शव दफनाने की तैयारी करने लगे।
उधर, मृतका का पति बिलाड़ा थाने पहुंचा व पत्नी का शव छीनकर ले जाने की लिखित शिकायत दी। उप निरीक्षक ओमप्रकाश पति के साथ चण्डावल पहुंचे, जहां उन्होंने अंतिम संस्कार रुकवाया। दोनों पक्षों के बीच वार्ता कराई गई और आखिरकार रात को शव पति के सुपुर्द करने पर सहमति बनी। तब शव अंतिम संस्कार के लिए पीपाड़ शहर ले जाया गया, जहां मृतका का ननिहाल बताया जाता है।
Updated on:
18 Jul 2020 12:53 pm
Published on:
18 Jul 2020 12:52 pm
