
जेल से छूटते ही सूने मकानों की रैकी करते युवक गिरफ्तार
जोधपुर.
देवनगर थाना पुलिस ने चौपासनी हाउसिंग बोर्ड में सेक्टर-६ के पास सूने मकानों की रैकी करने के संदेह में घूम रहे एक युवक को बुधवार को गिरफ्तार किया। उससे चोरी करने में प्रयुक्त होने वाले औजार व धारदार चाकू जब्त किया गया।
थानाधिकारी जयकिशन सोनी ने बताया कि सेक्टर छह में एक युवक के संदिग्ध हालात में घूमने की सूचना मिली। हेड कांस्टेबल राजेश कुमार, कांस्टेबल सुरेश कुमार व पिंटूसिंह मौके पर पहुंचे और बलदेव नगर गली-१२ निवासी राहुल उर्फ खटूड़ी पुत्र नैनाराम भील को हिरासत में लिया। उसके पास ताले तोडऩे में प्रयुक्त होने वाले औजार व धारदार चाकू मिला। आम्र्स एक्ट में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। पुलिस का कहना है कि आरोपी शातिर बदमाश है। उसके खिलाफ आम्र्स एक्ट व चोरी-नकबजनी के छह मामले दर्ज हो चुके हैं। मण्डोर थाना पुलिस ने चोरी के मामले में २८ मार्च को न्यायिक अभिरक्षा में भिजवाया था। वह १३ जून को जमानत पर छूटा था।
Published on:
17 Jun 2021 11:24 am
