जोधपुर। राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय में संभाग स्तरीय जॉब फेयर का आयोजन हुआ। प्रधानाचार्य एवं संयोजक अंशु सहगल ने बताया कि फेयर में 38 मल्टी नेशनल कंपनियों ने अभ्यर्थियों को रोजगार देने के लिए भाग लिया। फेयर की शुरुआत तकनीकी शिक्षा विभाग निदेशक आलोक बंसल व निलेश संचेती सचिव एमआईए ने किया।
फेयर में 900 से अधिक अभ्यर्थियों को कंपनियों की ओर से रोजगार संबंधी जानकारी प्रदान की गई। इसमें जोधपुर संभाग के सिविल, मैकेनिकल, इलेक्ट्रीकल, इलेक्ट्रोनिक्स, कम्प्यूटर, पेट्रोलियम, केमिकल के डिप्लोमा इंजीनियरिंग के वर्ष 2020 से 2023 के अभ्यर्थियों ने साक्षात्कार में भाग लिया। आयोजन सचिव टी.आर. राठौड़ ने बताया कि फेयर में 600 से अधिक रिक्त पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया की गई। जिसमें 110 से ज्यादा अभ्यर्थियों का अन्तिम चयन कर ऑफर लेटर जारी किये।
फेयर में छात्रों को सालाना 2.50 से 4 लाख रुपए तक के पैकेज का ऑफर मिला है। डॉ. अजय माथुर के नेतृत्व में फेयर की ऑनलाईन प्रक्रिया की गई। फेयर में 300 छात्रों का ऑनस्पॉट रजिस्ट्रेशन कर टोकन जारी किये गये। डॉ. चन्द्रेश शर्मा, पुष्पेन्द्र चौधरी, मनीष हासानी ने फेयर में अपना योगदान दिया।