
जानलेवा हमला व अपहरण के बाद युवक की हत्या
जोधपुर.
जिले के मतोड़ा थानान्तर्गत ईन्दों का बास में नखतबन्ना मंदिर के पास बोलेरो कैम्पर में छह युवकों ने जानलेवा हमला व अपहरण के बाद एक युवक की हत्या कर दी गई। मतोड़ा थाना पुलिस ने मंगलवार को हत्या का मामला दर्ज कर दो-तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया।
थानाधिकारी नेमाराम ने बताया कि ईन्दों का बास निवासी रामस्वरूप पुत्र किशनाराम बिश्नोई सोमवार दोपहर तीन बजे मोटरसाइकिल पर ननिहाल जा रहा था। रास्ते में नखतबन्ना मंदिर के पास बोलेरो कैम्पर में सवार छह युवकों ने फायर कर उसे रोका और नीचे उतरकर घेर लिया। रामस्वरूप ने भागने का प्रयास किया, लेकिन हमलावरों ने उसे पकड़ लिया। फिर लाठी व सरियों से उस पर ताबड़तोड़ वार किए। वह गंभीर घायल हो गया। इतना ही नहीं, हमलावर उसे कैम्पर में अपहरण कर ले गए। रणकाबेरा रोड पर खेमाणियों का फांटा के पास उसे अधमरा छोड़ दिया। आस-पास के लोगों ने उसे संभाला और परिजन को सूचित किया। गंभीर हालत में घायल को फलोदी के राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान देर रात उसकी मृत्यु हो गई।
मृतक के चचेरे भाई सावलनगर निवासी मदनलाल पुत्र मोहनराम बिश्नोई ने भोजासर निवासी ओमप्रकाश उर्फ ओपी पुत्र बंशीलाल, मोरिया निवासी मनीष पुत्र भगवानाराम मांजू, बालकृष्ण पुत्र प्रतापाराम, रणीसर निवासी महावीर पुत्र मांगीलाल खावा, बरजासर निवासी शिशपाल पुत्र भूराराम भादू, सुनील पुत्र बाबूराम सियाग के खिलाफ अपहरण व हत्या का मामला दर्ज कराया। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवा शव परिजन को सौंपा। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में कई जगह दबिश दी और दो-तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया।
पुलिस का कहना है कि मृतक हैदराबाद में फर्नीचर का काम करता था। गत 27 मई को वह गांव आया था। कुछ समय पहले एक दुकान जलाने की रंजिश में आरोपियों ने अपहरण कर हत्या की।
Published on:
01 Jun 2021 05:33 pm
