आगरा में ट्रक ने चार कांवडिय़ों को रौंदा, मौत

एक ट्रक ने कांवडिय़ों की टोली को रौंद दिया, जिससे चार लोगों की मौत हो गई तथा तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं...

2 min read
Aug 09, 2015
kanvar yatra. aarti, mahadev, savan, bhole baba, kanwar yatra
आगरा।
हाथरस रोड पर रविवार दोपहर एक ट्रक ने कांवडिय़ों की टोली को रौंद दिया, जिससे चार लोगों की मौत हो गई तथा तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। इनमें से एक कांवडिय़ा ग्वालियर (मप्र) का रहनेवाला था। हादसे के बाद ड्राइवर ट्रक छोड़कर फरार हो गया। गुस्साए कांवडिय़ों ने आगरा-हाथरस रोड जाम कर हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाबुझाकर जाम खुलवाया।


शिवालयों की परिक्रमा से पहले एक अनियंत्रित ट्रक ने शिवभक्तों पर कहर बरपा दिया है। दरअसल, भोले बाबा के भक्तों की एक टोली सोरों से कांवड़ लेकर आ रही थी। दोपहर करीब डेढ़ बजे टोली के सदस्य आगरा शहर में प्रवेश किए थे। इसी दौरान अलीगढ़ की तरफ से आ रहे एक ट्रक ने कांवडिय़ों को रौंद दिया। सड़क हादसे में वीरपाल पुत्र श्रीचंद तथा धर्मेन्द्र पुत्र देवीराम निवासी धांधुपुरा, ताजगंज आगरा की मौके पर ही मौत हो गई।


जबकि कृष्णा निवासी धांधुपुरा आगरा तथा संजीव पुत्र पंजाब सिंह निवासी पूरनपुरा थाना पनिहार ग्वालियर मध्यप्रदेश की एसएन मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके अलावा तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे से गुस्साए कांवडिय़ों एवं स्थानीय निवासियों ने रोड जाम कर हंगामा शुरू कर दिया।


भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मौके पर पहुंची पुलिस से भी आक्रोशित लोगों ने हाथापाई की। परिजन शवों को उठाने नहीं दे रहे थे। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जाम खुलवाया।


चार दिन पहले घर से चला था: पोस्टमार्टम हाउस पर शव लेने के लिए आए ग्वालियर निवासी रामवीर ने बताया कि संजीव उसका बड़ा भाई था। चार दिन पहले ही वह कांवड़ लाने के लिए घर से निकला था। घरवालों की खुशहाली के लिए हर साल की भांति वह कांवड़ लाने गया था। उसे नहीं मालूम था कि अब उसका भाई कभी घर नहीं लौटेगा।



मृतकों के परिजनों को मिलेंगे 02-02 लाख


मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज जनपद आगरा में हुई एक सड़क दुर्घटना में कावडि़यों की मृत्यु पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 02-02 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

Published on:
09 Aug 2015 09:49 pm
Also Read
View All

अगली खबर