
यूपी के कानपुर जिले में 4 लोगों ने एक दुकानदार का अपहरण कर लिया। इसके बाद इन लोगों ने दुकानदार के परिवार से उसे छोड़ने के लिए 22 हजार रुपए की फिरौती मांगी। पुलिस ने मामले की जांच की तो पुलिसवाले ही किडनैपर निकले।
खुद को STF बता ले गए दुकानदार को
कानपुर में जेपी कॉलोनी में रहने वाले रघुवीर चंद्र कपूर की घर के पास उनकी परचून की दुकान है। दुकान पर शाम को कार में आए चार लोगों ने खुद को STF का बताया और अपने साथ चलने को कहा। रघुवीर के विरोध करने पर उन लोगों ने उसे जबरदस्ती कार में धकेल दिया। इसके कुछ देर बाद उन्होंने उसके घर फोन कर फिरौती मांगी।
दुकानदार रघुवीर कपूर के भतीजे पंकज ने गोविंद नगर थाने में मामला दर्ज कराया। पंकज ने पुलिस को बताया कि रात को करीब नौ बजे चाचा दुकान में ही मौजूद थे। तभी एक कार अचानक से दुकान के सामने आकर रुकी। कार में ड्राइवर समेत चार लोग सवार थे।
भांग बेचने का झूठा आरोप लगाया
कार में से दो लोग नीचे उतरे, जिनमें से एक ने पुलिस की वर्दी पहन रखी थी। उन लोगों ने चाचा पर भांग बेचने का आरोप लगाते हुए उन्हें जबरदस्ती कार में बैठा लिया। भतीजे ने रोकने की कोशिश की तो वह लोग खुद को एसटीएफ बताकर धक्का देते हुए निकल गए।
फोन पर मांगे 22 हजार रूपए
पंकज ने बताया कि चाचा के जाने के बाद उसके मोबाइल पर एक कॉल आया। कॉल पर पंकज से लोगों ने कहा कि अगर रघुवीर को छुड़ाना है तो 22 हजार रूपए लेकर आ जाओ। पंकज ने पुलिस को बताया कि जिस नंबर से कॉल आई, उसका नाम मोबाइल में मोनू बॉक्सर आ रहा था।
थाना गोविंद नगर पुलिस ने तुरंत रघुवीर को ढूढ़ने के लिए टीम लगा दी। इसके बाद पुलिस ने पैसे मांगने वाले नंबर पर कॉल किया। उन्होंने रुपए लेकर शास्त्री चौक-चौराहे के पास आने को कहा। पुलिस तुरंत ही वहां पहुंची। पुलिस को देखकर दो लोग फरार हो गए और दुकानदार को वहीं छोड़ दिया।
2 आरोपी गिरफ्तार, 2 फरार
डीसीपी साउथ प्रमोद कुमार ने बताया कि ये घटना थाना क्षेत्र गोविंद नगर में 23 दिसंबर की शाम को हुई थी। मामले में चार आरोपियों के नाम सामने आएं हैं। उनका नाम है- मुकेश श्रीवास्तव, अमित, मोनू बॉक्सर और शालू नंदा। इन लोगों में शामिल मुकेश और अमित दोनों कांस्टेबल हैं, जो कानपुर में ही तैनात हैं। पुलिस ने मुकेश और शालू नंदा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मोनू बॉक्सर और सिपाही अमित को अरेस्ट करने के कोशिश में जुटी है।
Published on:
25 Dec 2022 11:47 am
बड़ी खबरें
View Allकानपुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
