
तंबाकू व्यापारी के बेटे ने 6 लोगों को कार रौंद दिया।
कानपुर : कानपुर में एक रईस कारोबारी के बेटे की लापरवाही ने सड़क को रणक्षेत्र बना दिया। तंबाकू कारोबारी के बेटे ने तेज रफ्तार लेम्बोर्गिनी कार से 6 से अधिक लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में एक बुलेट सवार हवा में उछलकर करीब 10 फीट दूर जा गिरा, जिसके बाद लग्जरी कार बुलेट के ऊपर चढ़ गई।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गुस्साई भीड़ ने कार को घेर लिया। भीड़ को देखकर कारोबारी का बेटा कार के अंदर ही दुबक गया, जबकि उसके साथ मौजूद बाउंसरों ने लोगों को धक्का देकर भगाने की कोशिश की।
सूचना पर ग्वालटोली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार को थाने ले आई। घायलों को अस्पताल भेजा गया, वहीं कारोबारी के बेटे को भी प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन मामला यहीं शांत नहीं हुआ।
आरोप है कि थाने में भी कारोबारी के बाउंसरों ने घायलों और उनके परिजनों से अभद्रता की, जिससे नाराज लोगों ने थाने परिसर में जमकर हंगामा किया। रसूखदार परिवार का मामला होने के चलते पुलिस ने लेम्बोर्गिनी कार को थाने के अंदर सुरक्षित खड़ा कराया।
तंबाकू कारोबारी केके मिश्रा का बेटा शिवम मिश्रा दोपहर करीब 3:15 बजे VIP रोड पर अपनी लेम्बोर्गिनी कार से तेज रफ्तार में जा रहा था। रेव-3 के पास अचानक कार बेकाबू हो गई और सड़क किनारे खड़े वाहन चालकों समेत 6 से अधिक लोगों को टक्कर मार दी।
एक बुलेट सवार को इतनी जोरदार टक्कर लगी कि वह उछलकर सड़क से दूर जा गिरा। इसके बाद कार बुलेट के अगले पहिए पर चढ़ गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ से कारोबारी के बेटे को सुरक्षित निकाला।
पीड़ित सोनू त्रिपाठी ने बताया, 'मैं और मेरे मामा का बेटा विशाल बुलेट से आए थे। हम सड़क किनारे एक दुकान पर खड़े होकर टी-शर्ट देख रहे थे। विशाल बुलेट पर ही बैठा था। तभी तेज रफ्तार लेम्बोर्गिनी ने पहले ऑटो को टक्कर मारी और फिर हमारी बुलेट को कुचल दिया।'
उन्होंने बताया कि टक्कर से विशाल दूर जा गिरा। दो अन्य युवक भी हवा में उछलकर करीब 10 फीट दूर फुटपाथ पर जा गिरे। सभी घायलों को अस्पताल भेजा गया। एक युवक के चेहरे पर गंभीर चोट आई और मुंह से खून निकल रहा था।
पीड़ितों ने थाने में लिखित शिकायत दी है, लेकिन रसूखदार परिवार से जुड़ा मामला होने के चलते पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि आरोपी पक्ष को बचाने की कोशिश की जा रही है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच की बात कह रही है, लेकिन शहर में यह हादसा रईसों की लापरवाही और कानून की दोहरी तस्वीर पर बड़ा सवाल खड़ा कर रहा है।
Published on:
08 Feb 2026 06:50 pm
बड़ी खबरें
View Allकानपुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
