
Kanpur:फर्जी नंबर प्लेट लगाकर कानपुर में दौड़ रहे 2 दर्जन से अधिक वाहन, पुलिस ने जारी की सूची
Kanpur News: पुलिस कमिश्नरेट कानपुर नगर की सीमा में 30 दोपहिया वाहन ऐसे दौड़ रहे हैं जोकि दूसरे वाहनों की नंबर प्लेट लगाए हुए हैं। ऐसे वाहनों की धरपकड़ के लिए यातायात पुलिस ने मुहिम छेड़ दी है साथ ही इन संदिग्ध वाहनों की पूरी सूची भी जारी की है।
ट्रैफिक पुलिस ने शहर में एचएसआरपी लागू कराने के लिए जैसे ही अभियान शुरू किया वैसे ही फर्जी वाहन सामने आने लगे। अब तक की जांच में करीब 30 वाहन ऐसे निकले हैं जो अन्य वाहनों की नंबर प्लेट लगाकर दौड़ रहे हैं। फर्जी नंबर प्लेट वाले वाहन कानून का उल्लंघन करते हुए घूम रहे हैं और चालान असली वाहन मालिकों के पास पहुंच रहे हैं। इन सभी फर्जी वाहनों से आपराधिक वारदातें होने की भी संभावना बनी हुई है।
यह है पूरा मामला
कमिश्नरेट कानपुर नगर में ई-चालान की प्रक्रिया विभिन्न माध्यमों से प्रचलित है जिसमें यह प्रकाश में आया है कि कुछ संदिग्ध वाहन दूसरों के वाहनों का नम्बर डालकर चला रहे है एवं ई-चालान की कार्यवाही से बच रहे हैं। ऐसे वाहन या तो चोरी के हैं या किसी अपराध को कारित करने के उद्देश्य से दूसरों के वाहनों के नम्बरो का प्रयोग कर रहे है। डीसीपी ट्रैफिक रवीना त्यागी ने आदेश देते हुए कहा कि ऐसे वाहन शहर क्षेत्र में कहीं भी चलते हुए पाये जाते हैं उन्हें रोककर चेक करें एवं गलत पाये जाने पर उनके विरूद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्यवाही कराना सुनिश्चित करें।
इसलिए जरूरी है एचएसआरपी
हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट यानी एचएसआरपी इसलिए जरूरी है क्योंकि यह नंबर प्लेट लगने के बाद किसी दूसरे वाहन के लिए उसी नंबर की प्लेट नहीं बन सकती। पुलिस कमिश्नरेट कानपुर नगर की ट्रैफिक पुलिस ने शहर वासियों को ऐसी किसी भी असुविधा से बचाने के लिए एचएसआरपी लागू कराने के लिए अभियान छेड़ रखा है। इसके तहत सभी प्रकार के वाहनों को 31 मई तक अपने वाहनों में एचएसआरपी लगवाने के लिए समय दिया गया है। इस समय अवधि में अगर कोई वाहन नंबर प्लेट नहीं लगाता है तो उसके खिलाफ 1 जून से वृहद रूप से अभियान चलाया जाएगा।
Published on:
23 Apr 2023 07:03 pm

बड़ी खबरें
View Allकानपुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
