No video available
हिण्डौनसिटी.चैन्नई में आगामी 14 मई को होने वाली मुमुक्षु दीपिका जैन की साध्वी दीक्षा के उपलक्ष्य में चल रह संयम उद्यान प्रवेश महोत्सव के अंतिम दिन रविवार को वरघोड़ा निकाला गया। बैण्ड बाजे के साथ मुमुक्षु दीपिका जैन व नदबई के मुमुक्षु पुण्य जैन का वरघोड़ा निकाला गया। करीब पांच किलोमीटर लम्बी वरघोड़ा यात्रा में तीर्थंकरों के पथ पर अग्रसर हुए दीक्षार्थियों की झलक पाने के लिए खूब भीड़ उमड़ी। भगवान महावीरजी के जयकारों व भजनों की स्वर लहरियों के बीच श्रावक-श्राविकाओं में मुमुक्षु दीपिका का वंदन करने और न्यौछावरी लेन की होड़ सी मच गई। वैराग्य की राह पर अग्रसर हो रहे मुमुक्षुओं के मांगलिक आयोजन से संयम वाटिका का माहौल अरिहंत की आस्था से सराबोर रहा।
जैन श्वेतांबर पल्लीवाल संघ, हिण्डौन सिटी की ओर से चल रहे तीन दिवसीय संयम उद्यान प्रवेश महोत्सव में अंतिम दिवस मुमुक्षु दीपिका जैन के संयम लेने से पूर्व विभिन्न मांगलिक आयोजन हुए। सुबह 8 बजे जैन श्वेतांबर पल्लीवाल मंदिर, मोहन नगर से बैण्ड बाजे के साथ वरघोड़ा निकाला गया। इसमें चैन्नई में14 मई को दीक्षा लेने वाले नदबई निवासी पुण्य जैन का भी स्थानीय संघ की ओर से वरघोड़ा निकाला गया। दोनों मुमुक्षु का वरघोड़ा टेलीफोन एक्सचेंज चौराहा, जिला अस्पताल रोड,मनीराम पार्क, शीतला चौराहा, डैम्प रोड, चौपड सर्किल, गोपाल टाकीज चौराहा होते हुए मण्डावरा रोड पर बाबा पैलेस में बनाई संयम वाटिका में पहुंचा। वरघोड़े में मुमुक्षु दीपिका के जीप में सजे अश्व रथ के आगे आचार्य भगवंत श्रीमद्विजय हंसरत्न सूरीश्वर महाराज अन्य साधु-साध्वी चल रहे थे। रथ में से मुुमुक्षु दीपिका सांसारिक जीवन में उपयोग आने वाली वस्तुओं के त्याग के तौर पर न्यौछावर कर रही थीं। वरघोड़ा में हिण्डौन जैन समाज एवं विभिन्न स्थानों से आये सैंकड़ों जैन धर्मावलम्बी शामिल हुए।
स्वागत द्वार लगा, बरसाए पुष्प
मुमुक्षु दीपिका और पुण्य की वरघोड़ा यात्रा के लिए शहर में मानों पलक पांवड़े बिछा दिए। एक दर्जन से अधिक स्थानों पर स्वागत द्वार लगा कर पुष्प वर्षा की गई। वहींं गर्मी को देखते हुए यात्रा में शामिल श्रावक-श्राविकाओं को विभिन्न प्रकार का शीतल पेय पिलाया। इस दौरान लोगों ने साथ चल रहे जैनाचार्यों की भी वंदन स्तुति की।
दीक्षार्थियों के लगाया विजय तिलक
संयम वाटिका में आचार्य भगवंत श्रीमद्विजय हंसरत्न सूरीश्वर महाराजा और प्रवचन प्रभावक पूज्य आचार्य भगवंत श्रीमद्विजय तत्वदर्शन सूरीश्वर महाराजा ने मांगलिक प्रवचन किए। इस दौरान गुरुदेव को काम्बली बहुराने की बोली 1 लाख 80 हजार रुपए में पटोंदा निवासी शिवदत्त, राहुल, व रजत जैन ने ली। इसी तरह अष्ट मंगल दर्शन की अलग-अलग बोलियों के लाभ भरतपुर के भागचंद सौरभ कुमार , गांव क्यारदा को पन्नालाल हुकम चंद जैन, शेखपुरा के ताराचंद, राजेंद्र कुमार, उत्तम चंद शुभम जैन ट्रांसपोर्ट वाले, सतीश चंद्र रियांशु कुमार शेखपुरा, नरेश कुमार गौरव कुमार जैन करौली वाले, कपूर चंद, हेमंत जैन शेरपुर वाले, बाबूलाल, प्रदीप दिवरया परिवार ने लिया। कार्यक्रम में मुमुक्षु दीपिका बहन को विजय तिलक लगाने का लाभ उनके परिजनों ने लिया और मुमुक्षु पुण्य भाई को विजय तिलक लगाने का लाभ पन्नालाल हुकम चंदजी क्यारदा वालों ने लिया। इस दौरान दोनों दीक्षार्थी द्वारा वर्षीदान किया गया।