18 जुलाई 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

पेट्रोल पंपों पर मिलेगा सरस दूध, करौली-सवाईमाधोपुर की 25 जगह चिन्हित, बूथ संचालक HPCL को देंगे 65 रुपए मासिक किराया

सवाईमाधोपुर और करौली में जल्द ही HPCL के पेट्रोल पंपों पर सरस डेयरी बूथ शुरू किए जाएंगे। पायलट प्रोजेक्ट के तहत पहले चरण में 25 पेट्रोल पंपों पर दूध और दुग्ध उत्पाद उपलब्ध होंगे।
2 min read
Google source verification
HPSCL Agreement With Saras

कोटा में एचपीसीएल के अधिकारी से एमओयू करने डेयरी संघ के प्रबंध संचालक (फोटो: पत्रिका)

HPCL And Saras Dairy Agreement: सफर के दौरान अब लोगों को दूध और दुग्ध उत्पाद सहजता से मिल सकेंगे। इसके लिए सरस डेयरी पेट्रोल पंपों पर बूथ खोलने की तैयारी कर रही है। पायलट प्रोजेक्ट के तहत सवाईमाधोपुर-करौली जिला दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ ने तेल कंपनी हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड से अनुबंध किया है। अब करौली और सवाईमाधोपुर जिले के HPCL पेट्रोल पंपों पर सरस डेयरी बूथ खोलने की शुरुआत की जाएगी। प्रथम चरण में सीएनजी और ईवी चार्जिंग वाले दोनों जिलों के 25 पेट्रोल पंपों पर डेयरी बूथ खोले जाएंगे।

डेयरी संघ के सूत्रों के अनुसार यात्रा के दौरान उपभोक्ताओं की सुविधा और डेयरी उत्पादों की बिक्री बढ़ाने की दिशा में गुरुवार को कोटा में एचपीसीएल रीजनल ऑफिस में सवाई माधोपुर-करौली जिला दुग्ध उत्पादक संघ ने और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस अनुबंध के तहत अब करौली और सवाई माधोपुर जिले के चुनिंदा पेट्रोल पंपों पर सरस के शुद्ध उत्पाद उपलब्ध होंगे। बूथ स्थापित करने के लिए डेयरी संघ और एचसीएल के अधिकारी पेट्रोल पंप पर स्थान निर्धारित करेंगे। पेट्रोल पंप परिसर में डेयरी बूथ स्थापित रखने के एवज में बूथ संचालक को संघ के माध्यम से एचपीसीएल को 65 रुपए प्रति वर्ग फीट की दर से मासिक किराया देना होगा।

समझौते पर एचपीसीएल के चीफ रीजनल ऑफिसर रिशु चौधरी और दुग्ध संघ के प्रबंध संचालक सुरेश कुमार सेन ने संयुक्त हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर एरिया मैनेजर राहुल मिश्रा, दुग्ध संघ के मार्केटिंग प्रतिनिधि और अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि यह करार राजस्थान में अपनी तरह का पहला है। जिसमें पेट्रोल पंप परिसर में दुग्ध उत्पादों की ब्रिकी होगी। इस पायलट प्रोजेक्ट से न केवल उपभोक्ताओं को दूध, दही, घी और अन्य डेयरी उत्पाद आसानी से मिलेंगे बल्कि दुग्ध संघ को जगह की समस्या से भी निजात मिलेगी।

अगले माह 5 बूथ शुरू होने की उम्मीद

डेयरी संघ के सूत्रों के अनुसार दोनों जिलों में एचपीसीएल के कुल 77 पेट्रोल पंप हैं। इनमें से 25 ऐसे पंप चुने गए हैं जहां सीएनजी की सुविधा है। जहांं उपभोक्ताओं की भीड़ अधिक रहती है। अगस्त माह के पहले सप्ताह में 5 पेट्रोल पंपों पर सरस बूथ, कियोस्क या आउटलेट खोले जाएंगे। डेयरी बूथ को संघ या पेट्रोलपंप संचालक स्वयं के व्यक्ति से संचालित करवाएंगा।

यूं तय किए सीएनजी वाले पंप

डेयरी संघ के सूत्रों के अनुसार सीएनजी और ईवी चार्जिंग सुविधा वाले पेट्रोल पंपों पर वाहनों का ज्यादा समय ठहराव रहता है। साथ ही यात्रियों को उतारा जाता है। ऐसे में शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में सरस बूथ स्थापित डेयरी व्यवसाय को बढ़ाया जा सकता है। वर्तमान में डेयरी संघ के 186 बूथ हैं।

डेयरी संघ ने पेट्रोल पंपों पर सरस डेयरी बूथ खोलने के लिए एचपीसीएल से एमओयू किया है। संभवत: यह राज्य में आरसीडीएफ के डेयरी संघ का पहला अनुबंध है। डेयरी बूथों की मॉडल की एकरूपता के लिए भी डेयरी संघ विचार कर रहा है।
सुरेश कुमार सेन, प्रबंध संचालक