
घनघोर काली घटाएं छाई, बरसी कमजोर
करौली. जिले के विभिन्न इलाकों में रविवार को आसमां में बादल तो खूब उमड़े-घुमड़े, लेकिन आमजन को अच्छी बारिश की उम्मीद अधूरी ही रही। हालांकि करणपुर और मासलपुर इलाके के गांवों में कुछ देर के लिए हुई झमाझम बारिश से कुछ राहत मिली। वहीं जिला मुख्यालय पर छाए गहरे बदरा केवल बूंदाबांदी कर लौट गए। हालांकि बादल छाने और बूंदाबांदी के चलते तापमान में गिरावट आई है।
करणपुर कस्बे में दोपहर में बादल छाए और झमाझम बारिश हुई। तेज बारिश से सड़कों पर पानी बह निकला। हालांकि १० मिनट बाद ही बारिश मंद पड़ गई। लेकिन इस दौरान तेज गति से बारिश होने से मौसम में कुछ तरावट आई।
इधर करौली जिला मुख्यालय पर तीसरे पहर बाद से आसमां में गहरे बादल छाए तो लोग बारिश की उम्मीद करने लगे, लेकिन शाम को बूंदाबादी ही होकर रह गई।
गौरतलब है कि पिछले एक पखवाड़े से ही बारिश का इंतजार बना हुआ है। दो दिन पहले करौली में रात को बारिश से तापमान में गिरावट जरूर हुई लेकिन गर्मी की स्थिति में कमी आई न किसानों के लिए बुवाई संभव हो सकी है। क्योंकि इस बारिश की नमी अगले दिन ही सूख गई।
खास बात यह है कि मौसम विभाग की ओर से 7 जुलाई से ही बारिश को लेकर संभावना व्यक्त की जा रही है। इसी क्रम में शनिवार व रविवार को भी बारिश के संकेत दिए गए थे। अब मौसम विभाग ने फिर से सोमवार से लगातार बारिश होने के संकेत व्यक्त किए हैं। बताया गया है कि आगामी एक सप्ताह तक बादल छाए रहेंगे और लगातार बारिश होने की संभावना भी है। दो दिन पहले हुई बारिश के कारण 40 से पार चल रहा पारा घटकर अब 35 डिग्री अधिकतम पर आ गया है। इसके आगामी दिनों में 38 डिग्री तक रहने की संभावना व्यक्त की गई है।
Updated on:
11 Jul 2021 08:55 pm
Published on:
11 Jul 2021 08:55 pm
